ओड़िशा से महाराष्ट्र ले जा रहे 55 किलो गांजा पकड़ाया
धमतरी, 05 मई (हि.स.)।ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे 55 किलो गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से करीब 27 लाख रुपये के गांजा, कार, मोबाइल समेत अन्य सामाग्री जब्त कर तीनों के खिलाफ पुलिस ने जुर्म दर्ज कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चार मई को सांकरा नाका के पास सघन वाहन चेकिंग के दौरान मैनपुर की ओर से आ रही एक कार को पुलिस ने रोक कर जांच की, तो वाहन में सवार तीन लोग संदिग्ध हालत में दिखा। तीनों से पुलिस ने पूछताछ की, तो संतोषप्रद जवाब नहीं दिया, ऐसे में पुलिस ने डिक्की की तलाशी ली, तो उसमें 38 पैकेटों में भरा हुआ करीब 54 किलो 970 ग्राम गांजा मिला, तो तीनों को पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
आरोपितों ने पुलिस को बताया कि इस गांजा को बलांगीर-ओडिशा से खरीदकर नासिक-महाराष्ट्र ले जाना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपितों में अमोल अरुण ओढे़कर 33 वर्ष निवासी देवी मंदिर रोड शिंदे थाना नासिक रोड जिला नासिक महाराष्ट्र, तनिष गायकवाड 19 वर्ष निवासी श्रीरामपुर थाना श्रीरामपुर जिला अहमदनगर महाराष्ट्र और ऋषिकेश 23 वर्ष निवासी राहाता,थाना राहाता ,जिला अहमदनगर महाराष्ट्र है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि पुलिस ने 15 दिवस पूर्व ही 127 किलो गांजा और पकड़ा था।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

