फर्रुखाबाद में गैंगेस्टर जुबैर की 26 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क
फर्रुखाबाद, 23 फरवरी (हि.स.)। प्रशासन ने धोखाधड़ी एवं फर्जी जीएसटी से बनाई गई गैंगस्टर जुबेर खान की 26 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति सोमवार को कुर्क कर ली।
जिलाधिकारी के आदेश पर कायमगंज के तहसीलदार विक्रम सिंह चाहर, प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, राजस्व कर्मचारी व पुलिस फोर्स के साथ गढ़ी नूरखां पहुंचे। मोहल्ला गढ़ी इज्जत निवासी गैंगस्टर जुबेर खान की संपत्ति की कुर्की के लिए मुनादी कराई गई। जुबेर की गढ़ी नूरखां स्थित विशाल मकान, मऊ राशिदाबाद में स्थित करोड़ों कीमत वाले बड़े गोदाम, लखनपुर में कीमती कृषि योग्य भूमि, बैंक खातों की नकदी कई वाहनों को कुर्क किया गया। अचल और चल संपत्ति का बाजार मूल्य करीब 26 कराेड़ रुपये बताई जा रही है।
गैंगस्टर जुबेर खान की कुर्की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जुबेर खान एक संगठित गिरोह का संचालन करता था, जिस पर धोखाधड़ी, कूट रचित दस्तावेज तैयार करने और फर्जी जीएसटी नंबर के जरिए अवैध व्यापार कर अकूत धन अर्जित करने के मामले दर्ज हैं। जांच में पाया गया कि जुबेर ने अपनी मां रुखसाना के नाम पर बेनामी संपत्तियां खरीदी थीं, जिनका कोई वैध आय स्रोत नहीं मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

