शादियों में मेहमान बनकर गहने उड़ाने वाली गैंग के बदमाश मध्यप्रदेश से गिरफ्तार
उदयपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। शादी समारोहों में मेहमान बनकर सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का उदयपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मध्यप्रदेश से इस गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। दोनों आरोपित पिछले महीने उदयपुर में एक शादी समारोह के रिसेप्शन से गहनों से भरा बैग चुराकर फरार हो गए थे।
उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, हरियाणा और आंध्रप्रदेश समेत देश के कई राज्यों में 50 से अधिक वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को महाप्रज्ञ विहार स्थित तेरापंथ भवन में नरेन्द्र शर्मा के पुत्र शुभम की शादी का रिसेप्शन कार्यक्रम आयोजित था। इस दौरान नरेन्द्र शर्मा अपनी पत्नी के साथ गेट पर मेहमानों का स्वागत कर रहे थे। उनके पास एक काले रंग का बैग था, जिसमें दुल्हन को देने के लिए सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। इसी बीच मेहमान बनकर आए बदमाशों ने मौका पाकर यह बैग चुरा लिया और वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस को मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कुछ गांवों में सक्रिय एक गैंग के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश में डेरा डालकर मुखबिर तंत्र विकसित किया और लगातार निगरानी के बाद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में विकास (26) पुत्र सालकराम सांसी निवासी मीरकाबाद, हाल कडिया सांसी, थाना बोडा, जिला अशोकनगर (मध्यप्रदेश) और नकुल (24) पुत्र राजकुमार सांसी निवासी कडिया सांसी शामिल हैं। गिरफ्तारी के दौरान आरोपितों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि दोनों आरोपित शादियों में मेहमान बनकर पहुंचते थे और भीड़ का फायदा उठाकर गहने व नकदी से भरे बैग चुरा लेते थे। इसके अलावा ये बैंक से नकदी निकालकर निकलने वाले लोगों की रैकी कर चोरी और लूट की वारदातें भी करते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपितों और उनके परिवार के खिलाफ कई राज्यों में चोरी, लूट और राजकार्य में बाधा के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

