फर्जी जमानत के मामले में 25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार
कानपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। फर्जी जमानत और जालसाजी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को कोतवाली पुलिस ने गोविंद नगर इलाके से मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उस पर फर्जी जमानतदारों के सिंडिकेट की मदद से अदालत से जमानत हासिल करने का आरोप है।
एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि गैंगस्टर वीरेंद्र गुप्ता उर्फ गुड्डू के खिलाफ बर्रा थाने में आठ मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें छह लूट के मामले हैं। फर्जी जमानत और जालसाजी के प्रकरण में डीसीपी पूर्वी ने आरोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इनाम घोषित होने के बाद से वह फरार चल रहा था। आज कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
नवंबर 2020 में गैंगस्टर कोर्ट में फर्जी जमानतदारों के नेटवर्क का खुलासा हुआ था। जांच में सामने आया कि कई आपराधिक मामलों में एक ही व्यक्ति बार-बार जमानतदार बना था। इस मामले में अदालत के लिपिक की तहरीर पर 73 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब तक करीब 54 आरोपियों को जेल भेज चुकी है, जबकि 19 आरोपित अभी फरार हैं।
गोविंद नगर के रामआसरे नगर निवासी वीरेंद्र गुप्ता उर्फ गुड्डू भी इस मामले में नामजद है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में बर्रा थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप है कि उसने फर्जी जमानतदारों के सिंडिकेट की मदद से अदालत में जमानत हासिल की थी।
10 नवंबर 2020 को अदालत के आदेश के अनुपालन में गैंगस्टर कोर्ट के लिपिक किरन शंकर घोष ने मुकदमों की पत्रावलियों की जांच की थी। इस दौरान कई मामलों में एक ही व्यक्ति के बार-बार जमानतदार बनने की बात सामने आई। जांच में फर्जी दस्तावेजों और झूठे हलफनामों के इस्तेमाल के आरोप भी सामने आए। इसके बाद कोतवाली थाने में 73 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

