जौनपुर में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
जौनपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर की खुटहन थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को उसे लक्ष्मी मोड़ तिराहा से गिरफ्तार किया।
क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बीरी समसुद्दीनपुर निवासी आरिफ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने बताया कि आरिफ के खिलाफ खुटहन और खेतासराय थानों में तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता की धाराओं तथा गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ खुटहन थाने और खेतासराय थाने में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

