home page

अवैध हथियार गैंग का पर्दाफाश, पिस्टल खरीदार सहित चार गिरफ्तार

 | 
अवैध हथियार गैंग का पर्दाफाश, पिस्टल खरीदार सहित चार गिरफ्तार


चित्तौड़गढ़, 27 मई (हि.स.)। जिले की गंगरार थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाली गैंग का पर्दाफाश कर चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से एक अवैध पिस्टल मय मैगजीन और दो अतिरिक्त मैगजीन बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपिताें में हथियार का खरीदार और सप्लाई करने वाले दोनों शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्रसिंह ने बताया कि अवैध हथियारों की धरपकड़ अभियान के तहत एएसपी मुकुल शर्मा के निर्देशन एवं डीएसपी शिवप्रकाश के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी श्यामाराम के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। मुखबिर सूचना पर एएसआई शैतानसिंह, कांस्टेबल नन्दराम, प्रदीप कुमार व कृष्ण कुमार राईट चॉईस होटल के सामने भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर पहुंचे। वहां अवैध पिस्टल की खरीद-फरोख्त करते चारों आरोपिताें को पकड़ा गया। पुलिस ने खरीददार बबलू सिकलीगर (24) पुत्र हनुमान सिकलीगर, निवासी स्टेशन गंगरार को गिरफ्तार कर इसके कब्जे से एक पिस्टल मय मैगजीन बरामद किया।साथ ही सप्लायर दीपक उर्फ दीपू पुत्र राजू नायक, निवासी लंका कॉलोनी बांरा, हाल पुरोहितों की मादड़ी उदयपुर को पकड़ा। इसके कब्जे से एक मैगजीन बरामद की हैं। साथ ही सप्लायर निखिल पुत्र देवीलाल भोई, निवासी पुरोहितों की मादड़ी उदयपुर से एक मैगजीन बरामद की। साथ ही जितेन्द्र पुत्र नारायणलाल माली, निवासी शिववाटिका के पास पुरोहितों की मादड़ी उदयपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दीपक उर्फ दीपू के खिलाफ कोटा व बारां जिले में आर्म्स एक्ट, लूट, हत्या के करीब 6-7 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी निखिल भी पूर्व में पोक्सो एक्ट के अपराध में जेल जा चुका है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। आरोपिताें से पूछताछ कर अवैध हथियारों के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल