home page

गैंगरेप के मुकदमे में सुलह का दबाव बनाने का आरोप, तीन के खिलाफ केस दर्ज

 | 

जौनपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित लाइन बाजार थाने में दर्ज गैंगरेप के मुकदमे में सुलह का दबाव बनाने, मारपीट करने और मोबाइल छीनकर उसमें मौजूद डाटा डिलीट करने के आरोप में खुटहन पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के आदेश पर की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बदलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गैंगरेप के मुकदमे में समझौता करने के लिए आरोपित पक्ष की ओर से लगातार वाट्सऐप कॉल कर दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि 28 जुलाई की दोपहर आरोपितों ने बातचीत के बहाने उसे बीरमपुर गांव स्थित अपने घर बुलाया।पीड़िता के मुताबिक, वहां पहुंचने पर उस पर मुकदमे में सुलह करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि बाल खींचकर चप्पल और डंडे से पिटाई की गई। पीड़िता ने बताया कि उसने मदद के लिए 112 और 1090 पर फोन किया, जिसके बाद उसका मोबाइल छीन लिया गया।आरोप है कि किसी तरह वहां से निकलने के बाद रास्ते में चोट लगने के कारण वह बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस की 112 टीम ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपितों ने उसके मोबाइल में मौजूद महत्वपूर्ण साक्ष्यों का डाटा डिलीट कर दिया।पुलिस ने तहरीर के आधार पर अशोक यादव, उसके भाई संतोष यादव और अशोक यादव की पत्नी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।इस मामले में रविवार को जानकारी लेने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला द्वारा तहरीर दिया गया था मामले की छानबीन करने के लिये मुकदमा दर्ज कराया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव