home page

जयपुर सेंट्रल जेल में विचाराधीन बंदियों के बीच गैंगवार

 | 
जयपुर सेंट्रल जेल में विचाराधीन बंदियों के बीच गैंगवार


जयपुर, 29 जून (हि.स.)। राजधानी की कड़ी सुरक्षा वाली जयपुर केंद्रीय कारागार में विचाराधीन बंदियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर-2 की बैरक नंबर-1 में सफाई को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। सात विचाराधीन बंदियों ने एकजुट होकर एक अन्य बंदी पर हमला कर दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। घटना से जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जेल प्रहरियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और घायल बंदी को प्राथमिक उपचार दिलाया। मामले में जेल प्रशासन की रिपोर्ट पर लालकोठी थाना पुलिस ने सात बंदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लालकोठी थाना प्रभारी श्यामसुंदर शर्मा ने बताया कि घटना 26 जून को सुबह करीब साढ़े 11 बजे जयपुर सेंट्रल जेल के वार्ड नंबर-2 स्थित बैरक नंबर-1 में हुई। बैरक में बंद सी-स्कीम निवासी विचाराधीन बंदी मनीष अजमेरा उर्फ मोंटू की सफाई को लेकर अन्य बंदियों से कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में विवाद गाली-गलौज में बदल गया। इसी दौरान बैरक में मौजूद विचाराधीन बंदी मनराज, मनीष टेपर, महेंद्र यादव, मुन्ना साबिर, मनीष, मोहित और मनोज ने एकजुट होकर मनीष अजमेरा पर हमला बोल दिया। सातों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे बैरक में हड़कंप मच गया। इधर मारपीट और शोर-शराबे की आवाज सुनकर जेल प्रहरी योगेश कुमार जाट तथा अन्य सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप कर झगड़ रहे बंदियों को अलग किया और स्थिति पर नियंत्रण पाया। सभी आरोपित बंदियों को बैरक से निकालकर जेल अधिकारियों के समक्ष पेश किया गया। मारपीट में घायल मनीष अजमेरा को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद जेल डिस्पेंसरी में उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।

जेल प्रहरी योगेश कुमार जाट की रिपोर्ट पर लालकोठी थाने में सातों आरोपिताें के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल कल्लाराम को सौंपी गई है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बैरक की सफाई को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मारपीट के पीछे केवल सफाई को लेकर विवाद था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश अथवा गैंग प्रतिद्वंद्विता भी कारण रही। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश