टावरों से उपकरण चोरी करने वाले गिरोह में शामिल पूर्व टेक्नीशियन समेत चार गिरफ्तार
कानपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। बिठूर क्षेत्र के नारामऊ में मोबाइल टावरों से उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें टेलीकॉम कंपनी का पूर्व टेक्नीशियन भी शामिल है। आरोपितों ने पूछताछ में सेन पश्चिम पारा, गोविंद नगर, चौबेपुर, शिवराजपुर और बिठूर समेत कई थाना क्षेत्रों में टावरों से उपकरण चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपितों में अंकित अवस्थी पहले टेलीकॉम कंपनी में टेक्नीशियन रह चुका है। उसे टावरों में लगे उपकरणों और उनकी तकनीकी व्यवस्था की जानकारी थी। वह साथियों को महंगे उपकरणों की पहचान और उन्हें निकालने का तरीका बताता था।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित रात में टावर परिसर में पहुंचकर उपकरण निकालते थे। इसके बाद चोरी का सामान बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस अब चोरी के उपकरण खरीदने वालों और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कल्याणपुर के आवास विकास अंबेडकरपुरम निवासी अंकित अवस्थी, आवास विकास कॉलोनी निवासी आदित्य शुक्ला, अशोक नगर कल्याणपुर निवासी विकास बाजपेई उर्फ चूचू और कल्याणपुर सीएचसी निवासी सूरज शुक्ला के रूप में हुई है। पुलिस इनके मोबाइल और संपर्कों की जांच के साथ टावर चोरी की अन्य घटनाओं से भी कड़ियां जोड़ रही है।
पुलिस के मुताबिक नारामऊ स्थित इंडस टावर कंपनी के टावरों से उपकरण गायब होने की शिकायत सुरक्षा अधिकारी विकास सिंह चंदेल ने बिठूर थाने में की थी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सुराग मिलने पर चार संदिग्धों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

