home page

ऑन डिमांड बाइक चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश

 | 
ऑन डिमांड बाइक चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश


जयपुर, 10 जून (हि.स.)। राजधानी में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए प्रताप नगर और बजाज नगर थाना पुलिस ने जिला विशेष टीम (डीएसटी) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑन डिमांड बाइक चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की 45 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पूछताछ में आरोपितों ने जयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से 60 से अधिक दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में रणजीत भील (23) निवासी सुल्तानपुर, कोटा हाल शिवदासपुरा, विवेक कुमार उर्फ लाला मीणा (22) निवासी टोडाभीम जिला करौली, किरोड़ी मीणा (43), रामसिंह मीणा (37) और रामकेश मीणा (25) निवासी रैणी जिला अलवर शामिल हैं। गिरोह में शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।

डीसीपी (पूर्व) ने बताया कि प्रताप नगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी और नकबजनी की घटनाओं को देखते हुए थानाधिकारी पूरणमल यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। वहीं बजाज नगर में थानाधिकारी रामधन डोभाल के नेतृत्व में अलग टीम बनाई गई। दोनों टीमों ने डीएसटी प्रभारी एसआई बन्ना लाल की टीम के साथ मिलकर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान की।

इसके बाद विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इंदिरा नगर क्षेत्र से किरोड़ी, रामसिंह और रामकेश को पकड़ा गया, जबकि प्रताप नगर क्षेत्र से विवेक और रणजीत को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित विवेक कुमार उर्फ लाला मीणा पिछले तीन वर्षों से खो नागोरियान थाने में दर्ज पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 3 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपित पहले वाहन मालिकों और पार्किंग स्थलों की रेकी करते थे। इसके बाद मांग के अनुसार मोटरसाइकिल चोरी कर अन्य जिलों में मात्र 5 हजार रुपए तक में बेच देते थे। चोरी की गाड़ियों और उनके पार्ट्स को औने-पौने दामों में बेचकर मिली रकम को मौज-मस्ती और शराब के शौक पर खर्च किया जाता था।

प्रताप नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार रणजीत और विवेक की निशानदेही पर 25 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वहीं बजाज नगर थाना पुलिस और डीएसटी ने किरोड़ी, रामसिंह और रामकेश के कब्जे से 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कीं।

आरोपितों ने पूछताछ में जयपुर के बजाज नगर, शिप्रापथ, शिवदासपुरा, प्रताप नगर, महेश नगर, मानसरोवर, गलता गेट, करधनी सहित अजमेर के मदनगंज और अन्य जिलों से दोपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में कई और वारदातों का खुलासा हो सकता है। वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित पुराने अपराधी हैं। जिसमें किरोड़ी मीणा के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित 10 मामले दर्ज हैं। रामसिंह मीणा के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित 10 गंभीर मामले दर्ज हैं और रामकेश मीणा के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और चोरी के 2 मामले दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश