रसोई गैस सिलेंडर दिलवाने के बहाने युवती के साथ ईख के खेत में सामूहिक बलात्कार, आराेपित गिरफ्तार
गाजियाबाद, 09 मई (हि.स.)। रसोई गैस का सिलेंडर दिलवाने के बहाने युवती को गन्ने के खेत में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने अश्लील वीडियो बनाकर युवती को ब्लैकमेल किया। पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर थाना भोजपुर पुलिस में दो आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार किया है।
सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा ने शनिवार काे बताया कि थाना भोजपुर क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती के घर पर रसोई गैस सिलेंडर खत्म हो गया था। उसने पड़ोस में रहने वाले 40 वर्षीय अरविंद कुमार से यह बात कही। शुक्रवार दोपहर को अरविंद युवती को सिलेंडर दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया, तथा उसने ईख के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी बीच गांव का पंकज वहां पर आ गया। उसने वीडियो बना लिया। पंकज वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।
आरोप है कि पंकज ने भी युवती के साथ बलात्कार किया। किसी तरह वह अपने घर आई। पंकज ने युवती की वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शनिवार को भी बुलाया तथा उसके साथ दोनों ने बलात्कार किया। इसके बाद युवती ने यह बात परिजनों को बताई। परिजन युवती को लेकर शनिवार दोपहर को थाना भोजपुर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

