home page

कटनी में ट्रेन छूटने के बाद महिला से सामूहिक दुष्कर्म का खुलासा, मुख्य आरोपित गिरफ्तार

 | 
कटनी में ट्रेन छूटने के बाद महिला से सामूहिक दुष्कर्म का खुलासा, मुख्य आरोपित गिरफ्तार


कटनी, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले की रीठी थाना पुलिस ने एक माह पुराने सामूहिक दुष्कर्म के चर्चित मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपित की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 14 जून 2026 को एक महिला अपने बच्चों के साथ निजामुद्दीन से छत्तीसगढ़ जाने के लिए हीराकुंड एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थी। मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर रात करीब 9:45 बजे पानी लेने के लिए उतरने के दौरान उसकी ट्रेन छूट गई।

आरोप है कि स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति महिला को मंदिर दर्शन कराने का झांसा देकर ई-रिक्शा में बैठाकर रीठी रोड स्थित पौसरा स्टेशन के पास जंगल में ले गया, जहां ऑटो चालक और उसके एक साथी ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

अगले दिन डायल-112 की सूचना पर रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महिला सड़क किनारे मिली। पुलिस के अनुसार उस समय महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी। उपचार के बाद उसका भाई उसे दिल्ली ले गया। वहां स्वास्थ्य में सुधार होने पर महिला ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद दिल्ली के सफदरजंग थाना में प्रकरण दर्ज कर केस डायरी जांच के लिए कटनी पुलिस को भेजी गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामला एक माह पुराना होने और आरोपितों की पहचान नहीं होने के कारण जांच चुनौतीपूर्ण थी। इसके लिए विशेष जांच दल गठित किया गया। जांच के दौरान जिले के लगभग 800 से 900 ऑटो चालकों की स्क्रीनिंग की गई तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रीठी थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनिया निवासी ऑटो चालक दिनेश चौधरी की पहचान की गई।

पूछताछ में आरोपित ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ऑटो जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में दूसरे आरोपित की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस रिमांड लेकर आगे की विवेचना की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मामले के खुलासे में तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण और लगातार की गई निगरानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में रीठी थाना पुलिस के साथ साइबर सेल की टीम ने भी सहयोग किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी