गैंग रेप का 15 हजार का इनामी आरोपित गिरफ्तार
जोधपुर, 14 मई (हि.स.)। जोधपुर ग्रामीण पुलिस की साइबर सेल ने वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पिछले लगभग तीन वर्षों से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के एक इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने बताया कि पुलिस थाना बोरून्दा में दर्ज सामूहिक दुष्कर्म के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपित कोसाणा, थाना पीपाड़ शहर निवासी भजनलाल पुत्र सहीराम विश्नोई को साइबर सेल ने जालखा गांव से दस्तयाब किया। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ वर्ष 2023 में बोरून्दा थाने में धारा 498ए, 376डी, 384, 379 और 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोपित की गिरफ्तारी पर जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा और पहचान छुपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। पुलिस मुख्यालय जयपुर और जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपाल सिंह लखावत के सुपरविजन तथा उप अधीक्षक पुलिस रतन सिंह के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। साइबर सेल के सहायक उप निरीक्षक मनफूल के नेतृत्व में कांस्टेबल किशोर दुकतावा की मुखबिर सूचना और तकनीकी डाटाबेस के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

