मथुरा में फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 06 शातिर गिरफ्तार
मथुरा, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मथुरा में पुलिस ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर लोगों को धमकाने और चौथ (रंगदारी) वसूलने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। जमुनापार थाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी आईकार्ड, विजिटिंग कार्ड और वारदात में इस्तेमाल की गईं दो कारें बरामद की गई हैं।
विदित रहे कि आनंद विहार कॉलोनी निवासी देवेंद्र कुमार ने 09 अक्टूबर को थाना जमुनापार में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि कुछ बदमाशों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर न केवल उनके साथ गाली-गलौज की, बल्कि आजीवन कारावास जैसे गंभीर मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। आरोपियों ने पीड़ित को बुरी तरह डराकर उससे 40 हजार रुपये वसूल लिए थे। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और रंगदारी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शनिवार को जमुनापार पुलिस ने सिहोरा-लोहवन चौराहा रोड पर चेकिंग और छानबीन के दौरान इस गिरोह के सूरज कुमार, कुलदीप यादव, करन राणा, सोनू, कुणाल और रवि को दबोच लिया। उक्त आरोपित बिहार, गाजियाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली और मथुरा के रहने वाले हैं। इनके कब्जे से पुलिस ने क्राइम ब्यूरो इन्वेस्टिगेशन के दो फर्जी आईकार्ड, केडी यादव के नाम से छपे 11 विजिटिंग कार्ड, तीन एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड, क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो का स्टीकर लगी एक बलेनो कार और एक वैगनआर कार बरामद की है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पुलिस गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी छानबीन की जा रही है।
इस पूरी सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विदेश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक शैलेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल जयवीर सिंह, तथा कांस्टेबल संपूर्ण सिंह व लाल सिंह शामिल रहे। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

