home page

भीख मांगने के बहाने चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया, मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार

 | 
भीख मांगने के बहाने चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया, मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार


भीख मांगने के बहाने चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया, मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार


बलरामपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के बलंगी चौकी पुलिस ने घर में घुसकर चोरी और हमला करने के मामले में मध्यप्रदेश के शातिर चोर गिरोह के कथित सरगना और उसके एक साथी को आज मंगलवार को गिरफ्तार किया है।

बलरामपुर पुलिस ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, गिरोह के सदस्य सिंगरौली से आकर भीख मांगने के बहाने गांवों में घरों की रेकी करते थे और मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपितों के कब्जे से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 29 हजार 745 रुपये का सामान बरामद किया गया है।

मामला 12 मई 2026 की रात का है। ग्राम मझौली निवासी धिरेन्द्र कुमार पाठक ने बलंगी चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब डेढ़ बजे तीन नकाबपोश व्यक्ति घर के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुस आए। उस समय वह घर के आंगन में सो रहे थे। आहट सुनकर जागने पर दो व्यक्ति दीवार फांदकर भाग निकले, जबकि एक को उन्होंने पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपित ने लोहे की रॉड जैसी वस्तु से उनके सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला किया और फरार हो गया। घर से करीब 91 हजार 616 रुपये कीमत के जेवरात भी चोरी कर लिए गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बलंगी चौकी प्रभारी पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में चौकी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को मध्यप्रदेश के बरगवां थाना क्षेत्र के शातिर चोर शुक्ला बसोर की संलिप्तता के संकेत मिले। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन उसके घूमंतू प्रवृत्ति का होने के कारण अलग-अलग राज्यों में चले जाने से गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी।

पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि शुक्ला बसोर बरगवां थाना क्षेत्र में घूम रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी राजकुमार बसोर और एक अन्य व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम हरदीबहरा में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उसने चोरी के कुछ जेवरात पंजाब में किसी अज्ञात व्यक्ति को बेचने की जानकारी भी दी। इसके बाद पुलिस ने उसके साथी राजकुमार बसोर को भी उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में शुक्ला बसोर (56वर्ष ), निवासी लोटनी, बरहवा टोला, अटल आवास, थाना बरगवां और राजकुमार बसोर, निवासी ग्राम बहरापान, चौकी गोभा, थाना बैढ़न, जिला सिंगरौली (मध्यप्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद, दो सोने के लॉकेट, सोने का एक जवा, चांदी की एक जोड़ी पाजेब, एक चांदी का पायल, चांदी की एक कान की बाली और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 29 हजार 745 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 51/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 331(4), 331(6) और 117(1) में कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई में बलंगी चौकी प्रभारी पुष्पराज सिंह, प्रधान आरक्षक अफजल खान, रिंकु गुप्ता, आरक्षक शाहिल कश्यप, दीपक सांडिया, अमीरचंद, डीएसएफ कृष्णा हलदार, महिला आरक्षक मोहरमनी खलखो तथा साइबर सेल बलरामपुर के आकाश तिवारी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय