फर्जी रजिस्ट्री गैंग का पर्दाफाश, 25-25 हजार के दो इनामी समेत चार गिरफ्तार, लेखपाल भी शामिल
बांदा, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना मटौंध पुलिस ने फर्जी गवाहों और विक्रेताओं के जरिए कूटरचित दस्तावेजों का उपयोग कर जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने वाले एक संगठित गिरोह का गुरुवार को पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25-25 हजार रुपये के दो इनामी अभियुक्तों सहित चकबंदी लेखपाल समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले की शुरुआत 12 फरवरी 2026 को हुई, जब कोतवाली नगर क्षेत्र के खुटला निवासी देबिया पुत्र चैतुवा ने शिकायत दर्ज कराई कि 6 अगस्त 2025 को उनकी हटेटी पुरवा स्थित करीब 34 बीघा जमीन को जालसाजी कर फर्जी दस्तावेजों और आधार कार्ड के जरिए आजम खान के नाम रजिस्ट्री करा दी गई। इस पर थाना मटौंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस पहले ही इस मामले में सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आगे की कार्रवाई में गुरुवार को दो इनामी समेत चार और आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजेश पुत्र मोहनलाल निवासी खाईपार (हाल पता बिजली खेड़ा, कोतवाली नगर, बांदा) मुख्य सरगना व 25 हजार का इनामी, विजय प्रकाश पुत्र धर्मनारायण निवासी पियरा थाना मऊ जनपद चित्रकूट (चकबंदी लेखपाल), श्रीराम पुत्र राजकुमार निवासी करछा थाना मटौंध (फर्जी आधार कार्ड बनाने वाला) तथा हरीकरन पुत्र नत्थू निवासी करछा थाना मटौंध (25 हजार का इनामी) शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपित राजेश अपने साथियों हरीकरन, अनिल, रज्जू, खेमराज, केदार आदि के साथ मिलकर जमीनों की फर्जी खरीद-बिक्री का संगठित नेटवर्क चलाता था। गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार कराने, नकली गवाह खड़े करने, फर्जी विक्रेता तैयार करने और लेन-देन की पूरी व्यवस्था करता था। इसमें लेखपाल विजय प्रकाश जमीनों की गोपनीय जानकारी उपलब्ध कराता था, जैसे जिन जमीनों का कोई वारिस नहीं है या मालिक की मृत्यु हो चुकी है अथवा जो कानूनी जानकारी से अनभिज्ञ हैं।
मामले में आजम खान को फर्जी जमीन खरीददार बताया गया है, जिसने फर्जीवाड़ा जानते हुए भी जमीन खरीदी। वहीं श्रीराम अपनी दुकान ‘श्रीराम मोबाइल प्वाइंट’ से फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार करता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 1 सीपीयू, 1 कलर प्रिंटर, 38 लाख रुपये के 6 चेक (4 एचडीएफसी बैंक व 2 आर्यावर्त बैंक), जमीन रजिस्ट्री के दस्तावेज, 41 आधार कार्ड, 1 ई-श्रम कार्ड, 1 वोटर कार्ड और 1 पैन कार्ड बरामद किए हैं।
इससे पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आजम खान पुत्र अयूब खान निवासी बिजली खेड़ा, भागवत प्रसाद उर्फ बबलू पुत्र विष्णु निवासी जौरही, दिलीप पुत्र इन्द्रपाल निवासी लुकतरा, रज्जू उर्फ नेमकुमार पुत्र मूलचंद्र निवासी खुटला, अनिल कुमार पुत्र रामकेश निवासी पिपरगवां, खेमराज उर्फ संतोष पुत्र राजा भइया निवासी इटवां और केदार पुत्र शिवनंदन निवासी इटवां शामिल हैं।
मटौंध थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

