home page

जमीन से सोना निकालने का लालच देने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

 | 
जमीन से सोना निकालने का लालच देने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार


मुरादाबाद, 23 अप्रैल (हि.स.)। थाना पाकबड़ा क्षेत्र में तंत्र विद्या के नाम पर झांसा देकर जमीन से सोना निकालने का लालच देने वाले गिरोह का पुलिस ने गुरुवार को पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आज पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

सम्भल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के इटायला माफी निवासी मुंशाद पाकबड़ा क्षेत्र के भाड़ली गांव में एचएनपी नाम से अस्पताल संचालित करते थे, जो पिछले दो वर्षों से बंद पड़ा है। करीब पांच महीने पहले याकूब और जुबैर की मुलाकात मुंशाद से हुई। दोनों ने उसकी समस्याएं दूर करने का झांसा देकर 15 हजार रुपये ऐंठ लिए और बाद में अपने साथ निजामुद्दीन, शहजाद और शाहिद को भी ले आए।

बुधवार देर रात पांचों आरोपित मुंशाद को उसके बंद पड़े अस्पताल पर ले गए। वहां तंत्र विद्या के नाम पर उन्होंने जमीन में गड्डा खोदकर सामान दबा दिया और मुंशाद से 20 लाख रुपये की मांग करते हुए कहा कि रकम देने पर ही जमीन से सोना निकाला जाएगा। संदेह होने पर मुंशाद और उसके साथियों ने गड्डा खोदा तो उसमें से चॉकलेट निकली। ठगी का अहसास होने पर उसने आरोपितों से अपने 15 हजार रुपये वापस मांगे, जिस पर विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी आरोपितों को मौके से पकड़ लिया। मुंशाद की तहरीर पर पुलिस ने निजामुद्दीन निवासी रतूपुरा, असमोली सम्भल, शहजाद हुसैन निवासी पसियापुरा, अजीमनगर निवासी रामपुर, शाहिद निवासी खालसा कटोरा ताल काशीपुर उधमसिंह नगर उत्तराखंड, याकूब निवासी ढक्का नगलिया टांडा रामपुर और जुबैर निवासी सहरिया जवाहर टांडा रामपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपितों के पास से 15 हजार रुपये भी बरामद किए।

पाकबड़ा थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि तंत्र विद्या के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के सभी पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल