नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, पांच गिरफ्तार
मुरादाबाद, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले के थाना सिविल लाइन पुलिस टीम ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने और विरोध करने पर फायरिंग करने के आरोप में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपित उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर के रहने वाले हैं।
शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रणविजय सिंह व क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन अभिनव द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जनपद फतेहपुर के थाना कोतवाली सदर के ग्राम हसनपुर निवासी महेंद्र कुमार ने बीते दिन गुरुवार को थाना सिविल लाइन पुलिस को दी ठगी की तहरीर दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर उत्तराखंड के उधम सिंह जनपद के थाना आईटीआई निवासी काव्यांश शर्मा, अक्षय, दीपक सूरज वोहरा और गुलशेर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों के पास से चार मोबाइल, दो तमंचे, चाकू, नकदी और एक कार बरामद हुई है। पुलिस ने कार्रवाई करके
आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

