हिडन कैमरों से कपल के वीडियो बनाकर उगाही करने वाले गिरोह का खुलासा, पांच शातिर गिरफ्तार
कानपुर, 15 मई (हि.स.)। रावतपुर थाना क्षेत्र के विनायकपुर स्थित शुक्रवार को रिद्धि होटल में पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त छापेमारी में हिडन कैमरों से कपल के अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर उगाही करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने मौके से दो युवकों और तीन युवतियों समेत पांच शातिरों को गिरफ्तार किया है। होटल के कमरों में चार्जरनुमा हिडन कैमरे लगाकर वीडियो रिकॉर्ड किए जाते थे और बाद में लोगों को ब्लैकमेल कर रकम वसूली जाती थी। पुलिस को आरोपितों के मोबाइल फोन से पचास से ज्यादा अश्लील वीडियो मिले हैं।
एसीपी आशुतोष कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि विनायकपुर स्थित रिद्धि होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए होटल में छापेमारी की। जांच में सामने आया कि होटल संचालक किराये पर मकान लेकर बाहर की लड़कियों को पैसे का लालच देकर देह व्यापार कराता था और कमरों में हिडन कैमरे लगाकर रिकॉर्डिंग कराई जाती थी। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए लोगों से उगाही की जाती थी।
पुलिस ने मौके से औरैया निवासी प्रमोद गुप्ता, रावतपुर निवासी प्रीति सिंह, मीनू, नवाबगंज निवासी किरन और कर्रही निवासी अम्बिका को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चार्जरनुमा हिडन कैमरे, मोबाइल फोन, एंट्री रजिस्टर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। मोबाइल फोन की जांच में बड़ी संख्या में आपत्तिजनक वीडियो और फोटो मिले हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का डाटा खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस वीडियो में दिख रहे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितने लोगों से किस तरह उगाही की गई।
आगे उन्होंने बताया कि सभी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में थाना रावतपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

