home page

परीक्षा देकर लौट रहे युवकों को कार में अगवा कर फिरौती वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश

 | 
परीक्षा देकर लौट रहे युवकों को कार में अगवा कर फिरौती वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश


जयपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। स्टेट हाईवे और रिंग रोड पर राहगीरों व वाहन चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह का मुहाना थाना पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जानकारी के अनुसार आरोपियों ने रेलवे ग्रुप-डी की परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे दो युवकों को कार में अगवा कर लिया। एक युवक को कुछ दूरी पर छोड़ दिया, जबकि दूसरे को जंगल में ले जाकर हाथ-पैर बांधकर मारपीट की और परिजनों से 50 हजार रुपए की फिरौती वसूलने के बाद छोड़ा। पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य सरगना कुशाल सांसी वारदात में इस्तेमालकार लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि परिवादी कमलेश मीणा ने 6 अगस्त को मुहाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 5 अगस्त की शाम अपने दोस्त मीठालाल मीणा को रेलवे ग्रुप-डी की परीक्षा दिलाकर बाइक से घर लौट रहा था। रिंग रोड-डिग्गी रोड के पास कार सवार बदमाशों ने दोनों को रोककर अगवा कर लिया। बदमाशों ने मीठालाल को करीब 5 से 7 किलोमीटर आगे ले जाकर छोड़ दिया, जबकि कमलेश को कार में डालकर जंगल की तरफ ले गए। वहां उसके हाथ-पैर बांध दिए और बुरी तरह मारपीट की। आरोपियों ने उसका मोबाइल, तीन चांदी की अंगूठियां और चांदी की चेन भी छीन ली।

बदमाशों ने कमलेश को छोड़ने के बदले पहले 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी। बाद में रकम घटाकर 50 हजार रुपए कर दी। जान से मारने की धमकी देकर उसके भाई को 50 हजार रुपए लेकर बुलाया गया। रकम मिलने के बाद बदमाशों ने कमलेश को छोड़ दिया।

इधर वारदात को गंभीरता से लेते हुए मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने वारदात के स्थान से लेकर बदमाशों के संभावित रास्तों तक 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर घेराबंदी की और गिरोह के तीन सदस्य सुरेश चौधरी (22), निवासी केरिया वाली ढाणी, नेवटा रोड, मुहाना, जयपुर,

दीपक बलाई उर्फ दीपू (23) निवासी पत्रकार कॉलोनी जयपुर और सुनील जांगिड़ (21), निवासी टोंक हाल निवासी सांगानेर जयपुर को गिरफ्तार किया गया। वहीं पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरोह का मुख्य सरगना कुशाल सांसी वारदात में इस्तेमाल कार लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने हाईवे और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर उसकी तलाश तेज कर दी है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आशंका है कि पूछताछ में हाईवे और रिंग रोड पर हुई लूट की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल अन्नाराम और संजीव की कार्रवाई में विशेष भूमिका रही। तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल लोकेश और रामसिंह ने भी आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश