गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस की तैयारियां तेज, झाँकी समितियों को दिए अहम निर्देश
रायपुर, 23 सितंबर (हि. स.)। गणेश विसर्जन झाँकियों के सुचारू, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा बुधवार को सी-4 भवन में गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रायपुर कमिश्नरेट के विभिन्न जोन, क्राइम एवं यातायात के डीसीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं SDRF के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में गणेश विसर्जन झाँकियों के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयोजकों से निर्धारित मार्ग, समय एवं क्रम का पालन करने, झाँकी को अनावश्यक रूप से नहीं रोकने तथा पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स तैनात करने को कहा गया। वॉलंटियर्स को आवश्यक पहचान उपलब्ध कराने के निर्देशों पर भी आयोजकों ने सहमति जताई।
पुलिस ने झाँकियों के दौरान नशे का सेवन नहीं करने, किसी भी प्रकार के हथियार या धारदार वस्तु नहीं रखने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप करने की हिदायत दी। साथ ही आपातकालीन वाहनों और पीछे से आने वाली झाँकियों के लिए रास्ता खुला रखने तथा पुलिस एवं यातायात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने पर भी सहमति बनी।
सदर बाजार के जर्जर भवनों को लेकर हुई विशेष चर्चा
बैठक में सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों को लेकर विशेष चर्चा की गई। पुलिस, नगर निगम एवं SDRF के अधिकारियों ने झाँकियों के आवागमन के दौरान संभावित सुरक्षा जोखिमों से आयोजकों को अवगत कराया।
सुरक्षा के मद्देनजर विसर्जन झाँकियों के मार्ग में परिवर्तन का प्रस्ताव रखा गया। इस पर आयोजकों के साथ चर्चा की गई, लेकिन गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने प्रस्तावित रूट परिवर्तन पर असहमति जताई।
इसके बाद सदर बाजार क्षेत्र में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजकों ने ध्वनि यंत्रों का साउंड निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही ध्वनि यंत्रों के बेस एवं वाइब्रेशन मोड को बंद रखने तथा पुलिस, प्रशासन, नगर निगम एवं SDRF द्वारा जारी आवश्यक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात की सुचारू व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने सभी गणेश उत्सव समितियों से अपील की कि वे अपने पदाधिकारियों एवं वॉलंटियर्स को सभी निर्देशों से अवगत कराएं और विसर्जन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

