गणेश पंडाल से किशोरी को बहाने से ले गए दो युवक, दुष्कर्म का आरोप
बांदा, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नरैनी थाना क्षेत्र के एक गांव में गणेश पंडाल में आरती में शामिल होने गई 15 वर्षीय किशोरी को दो युवकों द्वारा बहाने से अपने साथ ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों आरोपी किशोरी के परिचित बताए जा रहे हैं और रिश्तेदारी में गांव आए थे। वारदात के बाद डरी-सहमी किशोरी घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों के मुताबिक, 24 सितंबर को किशोरी गांव में आयोजित गणेश पंडाल में आरती में शामिल होने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद दोनों युवकों ने उसे पहचान लिया और उसकी दीदी के बुलाने की बात कहकर अपने साथ बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि दोनों उसे गांव से दूर सुनसान स्थान पर स्थित एक विद्यालय के पास ले गए, जहां उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया।
आरोपियों ने घटना की जानकारी किसी को देने पर किशोरी को जान से मारने की धमकी भी दी। भयभीत किशोरी किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद पिता ने थाना नरैनी में दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार मंगलवार को दोनों युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश पहुंचकर दोनों आरोपियों को मंगलवार की शाम हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच के साथ किशोरी के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं थाना प्रभारी भास्कर मिश्रा के मुताबिक मामले की जांच चल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

