हथियार के बल पर युवक से बदमाशों ने लूटे लाखों रुपये
नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। शाहदरा जिले के गांधी नगर इलाके में स्कूटी सवार बदमाशों ने फाइनेंसर के कर्मचारी आशीष को पिस्टल दिखाकर 16 लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित ने लूट का विरोध किया तो आरोपिताें ने उसे जान से मारने की धमकी दी। बाद में बदमाश रुपयों का बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित भागा-भागा अपने मालिक के पास पहुंचा। आशीष ने पीसीआर कॉल नहीं की, वह सीधे मालिक के साथ थाने पहुंचा। बाद में पुलिस से शिकायत की। शिकायतकर्ता की शिकायत पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज किया। हथियार के बल पर हुई वारदात की सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। क्राइम टीम व एफएसएल ने घटना स्थल जाकर मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
गांधी नगर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पड़ताल कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला कि बदमाश पीड़ित का काफी दूर से पीछा करते हुए आ रहे थे। आशीष जैसे ही अपने मालिक की दुकान के बाहर पहुंचा तो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस लूट में किसी जानकार का हाथ होने की आशंंका जता रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिलशाद गार्डन में रहने वाला पीड़ित गांधी नगर के फाइनेंसर संजय दुआ के यहां काम करता है। अक्सर मालिक उसे बड़ी पेमेंट लेने भेज देते हैं। शुक्रवार शाम को संजय ने आशीष को किसी पार्टी से 16 लाख रुपये लाने के लिए कहा। आशीष ने संजय के कहने पर पार्टी से पैसे कलेक्ट कर लिए। इसके बाद वह स्कूटी पर सवार होकर एक बैग में पैसे लेकर संजय दुआ के दफ्तर पहुंचे। जैसे ही उसने स्कूटी दुकान के बाहर रोकी, लाल रंग की स्कूटी पर सवार होकर आए बदमाशों ने उस पर पिस्टल तान कर वारदात को अंजाम दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

