होटल में चल रहा था जुए का खेल: मैनेजर सहित आठ गिरफ्तार
जयपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। सिंधी कैंप थाना पुलिस ने कांतिनगर बनीपार्क स्थित होटल जिनेंद्र पैलेस में जुआ खेलने के मामले में सात जुआरियों और होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल में दबिश देकर मौके से 69 हजार 780 रुपये की जुआ राशि, 156 ताश के पत्ते, हिसाब की डायरी, रजिस्टर, पेन और दो कैलकुलेटर बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि होटलों में संचालित अवैध गतिविधियों और वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। जिस पर सिंधी कैंप थानाधिकारी वंदना नरूला के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना मिली कि होटल जिनेन्द्र पैलेस के मैनेजर की मिलीभगत से कमरे में जुआ खेला जा रहा है। इस पर पुलिस ने तत्काल दबिश दी। पूछताछ में सामने आया कि होटल मैनेजर रोहित वर्मा जुआरियों को कमरा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रहा था। जिस पर पुलिस ने अक्षय प्रताप सिंह उर्फ लक्की (22) निवासी कुड़ी भगतासनी जोधपुर, शिवराज (55) निवासी मानसरोवर जयपुर, अमित गोयल (43), निवासी त्रिपोलिया बाजार जोधपुर, श्याम सुंदर (25) निवासी श्याम नगर जयपुर, विष्णु शर्मा (38) निवासी नाहरगढ़ जयपुर, किशन कुमार गुप्ता (39) निवासी करधनी जयपुर और सत्यम भाटी (36) निवासी मंडोर जोधपुर को गिरफ्तार किया है। वहीं होटल मैनेजर रोहित वर्मा (44) निवासी सांगानेर सदर जयपुर हाल निवासी कांतिनगर सिंधी कैंप को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए जुआरियों में तीन जोधपुर के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपिताें ने पहले भी इसी होटल में आकर जुआ खेलने की बात स्वीकार की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

