home page

जांजगीर-चांपा: हत्या के मामले में 13 साल से फरार वारंटी गिरफ्तार, ऑपरेशन बाज के तहत 4 स्थायी वारंटी पकड़े गए

 | 
जांजगीर-चांपा: हत्या के मामले में 13 साल से फरार वारंटी गिरफ्तार, ऑपरेशन बाज के तहत 4 स्थायी वारंटी पकड़े गए


जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर (हि. स.)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या के मामले में पिछले 13 वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी सहित कुल चार स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपितों को अकलतरा पुलिस ने बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र से पकड़ा, जबकि एक अन्य वारंटी को मुलमुला पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जिले में लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज 27 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अकलतरा पुलिस ने टीम गठित कर बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में दबिश दी।

पुलिस ने हत्या के मामले में पिछले 13 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी राजकुमार गोड (26 वर्ष), निवासी लुथरा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया। इसके अलावा पिछले आठ वर्षों से फरार चल रहे दो अन्य स्थायी वारंटियों अमन साहू (19 वर्ष), निवासी गुड़ी, थाना सीपत और जीवन राज (26 वर्ष), निवासी लुथरा शरीफ, थाना सीपत को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

इसी अभियान के तहत मुलमुला थाना पुलिस ने मारपीट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी भोंदल (32 वर्ष), निवासी कोसा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑपरेशन बाज के तहत फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से पुराने मामलों में न्यायालय से जारी स्थायी वारंटों की तामील सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

इस कार्रवाई में अकलतरा थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू, मुलमुला थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नितिन चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक कमलेश्वर मिश्रा, आरक्षक महेन्द्र राज, राजेन्द्र कहरा, शेषनारायण साहू, राजेश कश्यप और ओमप्रकाश डहरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT