जांजगीर-चांपा: 13.40 लाख रुपये के गांजा तस्करी मामले में फरार आरोपित ओडिशा से गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 04 नवंबर (हि. स.)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिर्रा पुलिस ने 26.8 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपित को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 13 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई थी। गिरफ्तार आरोपित को बुधवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार और मोटरसाइकिल के माध्यम से गांजा लेकर चांपा की ओर परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में बिर्रा पुलिस की टीम ने ग्राम बसंतपुर में महानदी किनारे घेराबंदी की थी। इस दौरान पुलिस ने चार आरोपित को पकड़कर उनके कब्जे से 26.8 किलोग्राम गांजा बरामद किया था।
मामले की पूछताछ और विवेचना के दौरान गांजा उपलब्ध कराने में ओडिशा निवासी नारायण राणा (27 वर्ष), पिता लक्ष्मण राणा की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। लगातार पतासाजी के बाद बिर्रा पुलिस ने आरोपित को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई में थाना बिर्रा एवं पुलिस सहायता केंद्र करही के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

