पेट्रोल के लिए मचा बवाल: सीवान में पंप पर हमला, मैनेजर व नोजल मैन से मारपीट
सीवान, 05 मई (हि.स.)। शहर में पेट्रोल संकट ने हिंसक रूप ले लिया, जब मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मैरवा रोड स्थित श्रीनगर के कुमार पेट्रोल पंप पर दो युवकों ने पेट्रोल लेने को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने लाइन में खड़े होने से इनकार करते हुए पहले गाली-गलौज की और फिर मैनेजर व नोजल मैन के साथ मारपीट कर दी।
घटना के दौरान उपद्रवियों ने पेट्रोल पंप पर ईंट-पत्थर भी फेंके, जिसमें नोजल मैन श्रीराम कुमार और मैनेजर आशीष कुमार घायल हो गए। दोनों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया।
मैनेजर आशीष कुमार ने बताया कि मंगलवार को शहर के लगभग आधे पेट्रोल पंप ड्राई होने के कारण बंद थे, जिससे उनके पंप पर सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। स्थिति को संभालने के लिए पहले पुलिस बल भी तैनात था, लेकिन शाम करीब 4:30 बजे पुलिस के हटते ही बुलेट सवार दो युवक पहुंचे और बिना लाइन के पेट्रोल देने का दबाव बनाने लगे।
विरोध करने पर दोनों युवक भड़क उठे और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने पेट्रोल पंप कर्मियों पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हंगामे के बीच लूटपाट की कोशिश भी की गई, लेकिन मौके पर मौजूद भीड़ के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना के बाद दोनों युवक अपनी बाइक छोड़कर चारदीवारी फांदकर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने मौके से बाइक जब्त कर ली और दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
भीड़ ने बढ़ाई परेशानी
कर्मियों के अनुसार, सुबह से ही पेट्रोल के लिए लंबी कतार लगी थी। शहर में कई पंप बंद होने के कारण लोग डीजल और पेट्रोल के लिए भटकते रहे, जिससे हालात और बिगड़ गए।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस घटना की सच्चाई जानने के लिए पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वारदात में हिरासत में लिए गए युवकों के अलावा और कौन-कौन शामिल थे।
मुफस्सिल थाना के थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि “पेट्रोल लेने को लेकर दो युवकों ने विवाद किया था। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।”
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

