जबलपुर में साइबर ठगी, अस्पताल के नेत्र सहायक के खाते से 98 हजार से ज्यादा पार
जबलपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार को साइबर ठगी के दो मामले सामने आए हैं। सेठ गोविंददास जिला चिकित्सालय (विक्टोरिया अस्पताल) में पदस्थ सहायक नेत्र चिकित्सक के बैंक खाते से साइबर ठगों ने करीब 98 हजार 888 रुपये निकाल लिए। वहीं, रामपुर क्षेत्र के एक अन्य व्यक्ति के खाते से भी 39 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई है। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल ठीक कराने के बाद खाते से निकले 98 हजार रुपये
पुलिस के अनुसार रामपुर निवासी सनी ऐडम पेरिका विक्टोरिया अस्पताल में सहायक नेत्र चिकित्सक के पद पर पदस्थ हैं। उनका बैंक खाता SBI में है। सनी ने 31 अगस्त को अपना मोबाइल खराब होने के बाद जयंती कॉम्प्लेक्स में उसे रिपेयर कराया था।
बताया गया कि उसी दिन शाम करीब 6:53 बजे मोबाइल में अपडेट शुरू हुआ। इसी दौरान उनके बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 98,888 रुपये निकाल लिए गए।
खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब साइबर ठगी के इस मामले की जांच कर रही है।
दूसरे मामले में खाते से 39 हजार रुपये डेबिट
इसी तरह रामपुर निवासी रविकुमार यादव ने भी बैंक खाते से रकम निकाले जाने की शिकायत दर्ज कराई है। रविकुमार नर्मदा स्टील दुकान में काम करते हैं और उनका SBI की ग्वारीघाट शाखा में बैंक खाता है।
पुलिस के मुताबिक उनके खाते से पहले एक डेबिट हुआ। इसके कुछ देर बाद खाते से 39 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन कर दिया गया। रविकुमार के अनुसार यह रकम किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर निकाली है।
दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए ट्रांजेक्शन और संबंधित खातों की जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

