home page

महिला की कार के नंबर पर दूसरी बलेनो कार दौड़ाने का आरोप : एसबीआई फास्टटैग से कट रहे चालान

 | 
महिला की कार के नंबर पर दूसरी बलेनो कार दौड़ाने का आरोप : एसबीआई फास्टटैग से कट रहे चालान


जोधपुर, 25 नवम्बर (हि.स.)। शहर में वाहन की नंबर प्लेट का कथित रूप से फर्जी इस्तेमाल कर दूसरी कार चलाने का मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी मारुति सुजुकी बलेनो सिग्मा कार के पंजीकरण नंबर का इस्तेमाल किसी अन्य व्यक्ति द्वारा अपनी बलेनो कार पर किया जा रहा है। महिला की गाड़ी घर पर खड़ी होने के बावजूद अलग-अलग स्थानों पर यातायात नियमों के उल्लंघन के चालान कटने से मामला सामने आया। पीड़िता की शिकायत पर बनाड़ थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और कूटरचना से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला के नाम पर पंजीकृत है बलेनो कार :

परिवादिया खांगटा कटाणियों का बास हाल लक्ष्मण नगर नांदड़ी रोड की रहने वाली किरण कुमारी पुत्री परमाराम की तरफ से मामला दर्ज कराया गया है। इसका कहना है कि उसकी मारुति सुजुकी बलेनो सिग्मा कार है। कार का पंजीकरण नंबर आरजे 19 सीपी 3559 है। परिवादिया के अनुसार यह वाहन उनके नाम पर पंजीकृत है।

मंडोर रोड और सरदारपुरा में कटे चालान :

परिवादिया रिपोर्ट में बताया कि 15 मई 2025 को फलोदी के मंडला रोड पर उनकी गाड़ी का तेज गति से वाहन चलाने का चालान कटा था। उस समय उनके ससुर सोहनलाल वाहन चला रहे थे, इसलिए यह चालान वास्तविक था। इसके बाद 26 जनवरी 2026 को मंडोर रोड पर तेज गति से वाहन चलाने का चालान कट गया। परिवादिया का आरोप है कि उस समय उनकी गाड़ी नहीं, बल्कि किसी दूसरी कार पर उनकी गाड़ी की फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। इसी प्रकार 8 नवंबर 2026 को सरदारपुरा में गलत दिशा में वाहन खड़ा करने और रास्ता अवरुद्ध करने का चालान भी कट गया। परिवादिया ने इस चालान को भी अपनी गाड़ी से संबंधित नहीं माना।

23 सितंबर से घर पर खड़ी थी गाड़ी :

महिला ने पुलिस को बताया कि 23 सितंबर 2026 से उनकी कार घर पर खड़ी है और उसका उपयोग नहीं किया जा रहा है। इसके बावजूद 8 नवंबर को सरदारपुरा में चालान कटने पर उनके भाई सुनील कुमार ने ऑनलाइन जानकारी जुटाई। इस पर उन्हें संदेह हुआ कि कोई अन्य व्यक्ति उनकी कार का पंजीकरण नंबर अपनी बलेनो कार पर लगाकर इस्तेमाल कर रहा है।

एसबीआई फास्टैग में भी सामने आया दूसरा विवरण :

शिकायत के अनुसार जांच करने पर पता चला कि महिला की कार के पंजीकरण नंबर पर 23 जनवरी 2026 को एसबीआई का फास्टैग जारी किया गया था। परिवादिया ने बताया कि फास्टैग से संबंधित जानकारी में दूसरे मोबाइल नंबर और ग्राहक के रूप में पीयूष सोनी का नाम दिखाई दे रहा था। एसबीआई फास्टैग एजेंट से व्हाट्सऐप पर संपर्क करने पर भी उन्हें संबंधित मोबाइल नंबर की जानकारी मिली। इसके बाद मोबाइल नंबर को फोन-पे और गूगल पर सर्च करने पर अलग-अलग नाम और जानकारी सामने आने का दावा किया गया। शिकायत में उक्त नंबर का संबंध मंडलनाथ स्थित एक निजी स्कूल के सोशल मीडिया पेज से भी बताया गया है, जहां दो मोबाइल नंबर दर्ज होने की बात कही गई है।

पुराने मामले का भी किया उल्लेख :

परिवादिया ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि संबंधित मोबाइल नंबर की अतिरिक्त जानकारी जुटाने पर पदमा गौड़ नाम सामने आया तथा इस नंबर से संबंधित मंडोर थाने में वर्ष 2023 में एफआईआर संख्या 0263/2023 दर्ज होने की जानकारी मिली थी। शिकायत में इस पुराने मामले का भी उल्लेख किया गया है।

कार की फोटो और उपकरणों में अंतर का दावा :

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी कार पर एचएसआरपी होलोग्राम स्टीकर लगा हुआ है, जो पहले के चालान की तस्वीर में दिखाई देता है। वहीं 8 नवंबर को सरदारपुरा में कटे चालान के साथ अपलोड की गई कार की तस्वीर में पीछे बैक कैमरा नहीं दिखाई दे रहा है। जबकि परिवादिया के अनुसार उन्होंने अपनी कार में 27 दिसंबर 2024 को बैक कैमरा, मल्टीमीडिया सिस्टम और स्पीकर सहित अन्य उपकरण लगवाए थे। इसके समर्थन में उन्होंने नेक्सा कंपनी का बिल भी पुलिस को उपलब्ध करवाया है।

कार्रवाई की मांग :

परिवादिया ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए वाहन की आरसी, गाड़ी के फोटो, चालान की प्रतियां, फास्टैग की जानकारी, एसबीआई एजेंट के साथ हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट और सोशल मीडिया से संबंधित दस्तावेज पुलिस को सौंपे हैं। फिलहाल बनाड़ पुलिस जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश