home page

फॉरेक्स निवेश के नाम पर 11.55 लाख रुपये की ठगी का आरोप

 | 
फॉरेक्स निवेश के नाम पर 11.55 लाख रुपये की ठगी का आरोप


जोधपुर, 21 नवम्बर (हि.स.)। शहर के माता का थान स्थित श्रीराम नगर में फॉरेक्स निवेश के नाम पर 11.55 लाख की ठगी का प्रकरण पुलिस में दर्ज हुआ है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने परिचितों और रिश्तेदारों से निवेश करवाकर कुल 11 लाख 55 हजार रुपये की राशि हड़प कर ली। पुलिस ने कोर्ट से मिले इस्तगासे पर अब केस दर्ज किया है।

माता का थान पुलिस ने बताया कि कृष्णा नगर श्रीराम नगर निवासी वैभव अरोड़ा पुत्र आनंद प्रकाश ने परिवाद में बताया कि 31 अगस्त 2025 को उसके मित्र प्रदीप सिंह भाटी ने उसकी मुलाकात जितेंद्र जांगिड़ से करवाई थी। आरोप है कि जितेंद्र ने खुद को फॉरेक्स म्यूचुअल फंड का काम करने वाला बताते हुए निवेश पर 5 से 12 प्रतिशत तक लाभांश देने का भरोसा दिलाया। साथ ही निवेश की मूल राशि वापस मिलने और किसी प्रकार का जोखिम नहीं होने की बात कही।

परिवादी के अनुसार, शुरुआत में उसने अपनी पत्नी प्रेमलता अरोड़ा के नाम से 10 हजार रुपये का निवेश करवाया। इस पर लाभांश मिलने के बाद उसे आरोपी की बातों पर विश्वास हो गया। इसके बाद अक्टूबर 2025 में परिवादी ने अपने पिता आनंद प्रकाश अरोड़ा के 20 हजार रुपए, माता अनुराधा अरोड़ा के 5 लाख रुपए तथा परिचित की दादी पवन देवी के 50 हजार रुपये निवेश करवाए। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने विश्वास कायम करने के लिए 3 प्रतिशत लाभांश भी दिया।

परिवाद में बताया गया कि इसके बाद आरोपी ने परिवादी से संपर्क कर नई निवेश योजना आने और अधिक लाभांश व बोनस मिलने का भरोसा दिलाया। इसके चलते दुर्जन सिंह, शुभम रावल की बहन राधा रावल, महावीर सिंह, जगदीश इंदा, ट्विंकल सोनी, लक्ष्मी देवी, ओम सिंह, अनिता कंवर और विजयश्री सहित कई परिचितों के नाम से भी रकम निवेश करवाई गई।

परिवादी का आरोप है कि इस तरह उसने अपने रिश्तेदारों और परिचितों से कुल 11 लाख 55 हजार रुपए निवेश करवाए। शुरुआत में अच्छा लाभांश देने का भरोसा दिलाया गया, लेकिन बाद में किसी भी निवेशक को लाभांश नहीं दिया गया और न ही मूल निवेश राशि लौटाई गई।

रकम मांगने पर टालमटोल, घर छोडऩे का आरोप :

रिपोर्ट के अनुसार जब परिवादी ने आरोपी से सभी निवेशकों की मूल रकम और लाभांश वापस मांगा तो वह लगातार टालमटोल करने लगा। अधिक तकाजा करने पर आरोपी के अपने निवास स्थान से कहीं अन्यत्र चले जाने और फोन पर संपर्क नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

पीडि़त ने पहले माता का थान थाने में शिकायत दी। इसके बाद 2 अप्रैल 2026 को पुलिस आयुक्तलय जोधपुर को भी परिवाद भेजा, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में परिवाद पेश किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश