home page

सोशल मीडिया पर दोस्ती: चैट के नाम पर ब्लैकमेल कर सरकारी डॉक्टर से ठगे 24 लाख

 | 
सोशल मीडिया पर दोस्ती: चैट के नाम पर ब्लैकमेल कर सरकारी डॉक्टर से ठगे 24 लाख


जयपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। एसएमएस थाना इलाके में सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद एक सरकारी डॉक्टर से करीब 24 लाख रुपए की ठगी और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। आरोपी ने डॉक्टर को विश्वास में लेकर उसकी निजी और पारिवारिक जानकारी जुटाई और एडिटिंग के जरिए आपत्तिजनक सामग्री व चैट तैयार कर उसे बदनाम करने की धमकी दी। धमकी से परेशान डॉक्टर ने एक समय आत्महत्या तक करने का विचार आने की बात पुलिस को बताई। बाद में परिवार को जानकारी देकर सोमवार को थाने में मामला दर्ज कराया।

एसएमएस थानाधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि 31 वर्षीय डॉक्टर की शिकायत पर 24 लाख रुपए की ठगी का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में रकम ली। पुलिस परिवादी के बयान दर्ज कर डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डॉक्टर ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2024 में इंस्टाग्राम के जरिए आरोपी से दोस्ती हुई थी। आरोपी ने अपनी प्रोफाइल में खुद को अजमेर निवासी और मुंबई में क्रू मेंबर बताया था। विश्वास जीतने के लिए उसने आधार कार्ड और पैन कार्ड भी भेजे। जनवरी 2024 में आरोपी ने पिता के इलाज के नाम पर 25 हजार रुपए लिए। इसके बाद मई, जून और जुलाई में कभी मां तो कभी पिता के इलाज का हवाला देकर अलग-अलग किस्तों में रुपए लिए। आरोपी ने अपने अलावा मां और दोस्तों के यूपीआई खातों में भी रकम ट्रांसफर करवाई।

शिकायत के अनुसार अगस्त 2024 में डॉक्टर को खुद पैसों की जरूरत पड़ी तो आरोपी ने बाद में रुपए लौटाने की बात कही, लेकिन रकम नहीं लौटाई और आगे भी पैसों की मांग करता रहा। बाद में आरोपी ने डॉक्टर की जीमेल आईडी से संपर्क नंबर हासिल करने का दावा करते हुए चैट उसकी मंगेतर और वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने की धमकी दी।

आरोपी ने चैट के आधार पर ब्लैकमेल करते हुए कहा कि मांग पूरी नहीं करने पर आपत्तिजनक सामग्री परिवार और रिश्तेदारों के साथ साझा कर डॉक्टर को बदनाम कर देगा। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में करीब 24 लाख रुपए वसूल लिए। लगातार धमकियों से परेशान डॉक्टर ने परिवार को पूरी घटना बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश