home page

माेनू हत्याकांड : रुपयाें के विवाद में साथियों ने पीट-पीटकर उतारा था मौत के घाट, दाेनाें हत्याराेपित गिरफ्तार

 | 
माेनू हत्याकांड : रुपयाें के विवाद में साथियों ने पीट-पीटकर उतारा था मौत के घाट, दाेनाें हत्याराेपित गिरफ्तार


कानपुर, 02 मई (हि.स.)। बीते शनिवार को छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिम पोर्ट का काम करने वाले युवक की उसके ही साथियों ने सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी थी। पहले शराब पिलाकर उसे सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां आंखों में स्प्रे कर उसे असहाय बनाया गया और फिर डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। वारदात के पीछे आपसी विवाद और पैसों का दबाव मुख्य वजह सामने आई है। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने शनिवार को बताया कि 26 अप्रैल की रात नरबीजपुर गांव की ओर जाने वाली सड़क पर मोनू उर्फ कैलाश (आयु करीब 29 वर्ष) की हत्या की गई थी। घटना के बाद थाना छावनी में मुकदमा दर्ज कर कई टीमों का गठन किया गया और सर्विलांस व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपित सिम पोर्ट कराने का काम करते थे। मृतक अपने साथियों पर बीसी (कमेटी) के पैसे देने का दबाव बनाता था और अक्सर गाली-गलौज व मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर दोनों आरोपितों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

योजना के तहत करीब एक माह पहले ही सुनसान स्थान चिन्हित कर लिया गया था। घटना वाली रात आरोपितों ने मोनू को साथ में बैठाकर शराब पिलाई और बहाने से नरबीजपुर की ओर ले गए। वहां पहुंचते ही उसकी आंखों और चेहरे पर फॉग स्प्रे कर दिया गया, जिससे वह कुछ समझ नहीं सका। इसके बाद दोनों ने डंडों से लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश देते हुए चेतन ग्राउंड और गोरा कब्रिस्तान क्षेत्र से बापन पाल और अतीत वर्मा उर्फ कार्तिक/बृजेश को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त फॉग स्प्रे, डंडे, मृतक का मोबाइल, शराब की कैन तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा अतीत वर्मा के खिलाफ पहले भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप