शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दोस्त ने की थी हत्या, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास हुई हत्या का खुलासा
बांदा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कोतवाली देहात क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास दुकान में हुई भोला उर्फ दर्शन की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मंगलवार को महोखर निवासी गोविंद उर्फ गुड्डन पुत्र बृजमोहन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मामूली विवाद के चलते हत्या करने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, घटना सात अक्टूबर की शाम की है। भोला उर्फ दर्शन अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान गोविंद भी वहां पहुंचा और दोनों साथ बैठकर शराब पीने लगे। आरोप है कि इसी बीच नशे की हालत में भोला ने गोविंद के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर गोविंद कुल्हाड़ी ले आया और भोला की गर्दन पर वार कर दिया। हमले में भोला की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मृतक के चाचा संजीव कुमार ने नौ अक्टूबर को कोतवाली देहात पुलिस को घटना की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि उनके भतीजे भोला उर्फ दर्शन पुत्र जगनन्दन की अज्ञात लोगों ने कुल्हाड़ी से हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हत्याकांड की जांच शुरू की।
हत्याकांड की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में लगे 16 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को समय के क्रम में खंगाला गया। फुटेज के विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
मंगलवार को पुलिस ने गोविंद उर्फ गुड्डन को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामूली कहासुनी के अलावा हत्या की कोई अन्य वजह नहीं बताई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने मंगलवार शाम हत्याकांड के खुलासे की जानकारी दी और बताया कि पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने मामले का सफल अनावरण करने वाली टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

