बर्थडे पार्टी में दोस्त का कत्ल: युवती को थप्पड़ मारने पर चाकू से गोद डाला
जयपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। राजधानी के मानसरोवर थाना क्षेत्र स्थित आतिश मार्केट के इक्का क्लब में रविवार—सोमवार की मध्यरात्रि जन्मदिन की पार्टी खूनी संघर्ष में बदल गई। पार्टी के दौरान एक युवती को थप्पड़ मारने की बात पर हुए विवाद में बदमाशों ने अपने ही साथी अन्नू गुर्जर (25) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित घायल अन्नू को खुद जयपुरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई क्योंकि जांच में सामने आया कि पार्टी में शामिल दो आरोपित भरतपुर ओपन जेल के सजायाफ्ता बंदी हैं, जो जयपुर कैसे पहुंचे, इसे लेकर जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस हत्या, आरोपिताें के आपराधिक नेटवर्क और ओपन जेल की सुरक्षा व्यवस्था तीनों पहलुओं पर समानांतर जांच कर रही है।
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि मृतक अन्नू गुर्जर धौलपुर जिले के बसेड़ी का निवासी था और जयपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह अपने ममेरे भाई कुलदीप उर्फ कल्लू गुर्जर के जन्मदिन समारोह में शामिल होने इक्का क्लब आया था। रविवार—सोमवार की मध्यरात्रि करीब 2 से 2:30 बजे पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर अन्नू ने वहां मौजूद एक युवती को थप्पड़ मार दिया। युवती मुख्य आरोपित अनुज गुर्जर की परिचित बताई जा रही है। थप्पड़ की घटना के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान क्लब की रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से अन्नू पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपित ही घायल अन्नू को जयपुरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या की वजह केवल युवती को थप्पड़ मारने का विवाद था या इसके पीछे पहले से चली आ रही कोई रंजिश भी थी।
पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपित अनुज गुर्जर, कुलदीप उर्फ कुल्लू गुर्जर और राजेश गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं आकाश उर्फ क्षेत्रपाल, हनी गुर्जर, गजेंद्र गुर्जर सहित अन्य आरोपिताें की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस क्लब के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन, लोकेशन और पार्टी में मौजूद लोगों के बयान खंगाल रही है।
जांच में सामने आया कि कुलदीप उर्फ कुल्लू गुर्जर और राजेश गुर्जर भरतपुर ओपन जेल के सजायाफ्ता बंदी हैं। दोनों रविवार को पहले प्रताप नगर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट क्षेत्र में कुछ लोगों से मुलाकात की। इसके बाद सभी लोग आतिश मार्केट स्थित इक्का क्लब पहुंचे।
कुलदीप उर्फ कुल्लू गुर्जर चर्चित गोल्डी हत्याकांड और जयपुर जेल में पाकिस्तानी नागरिक सकरुल्ला (हकरुल्ला) की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। वहीं राजेश गुर्जर भी गंभीर अपराध में सजायाफ्ता है।
मानसरोवर थानाधिकारी लखन सिंह खटाना ने बताया कि मुख्य आरोपित अनुज गुर्जर भरतपुर के चर्चित डॉक्टर दंपती हत्याकांड का आरोपी है और फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि जिस इक्का क्लब में वारदात हुई, उसमें अनुज की पार्टनरशिप भी है।
पुलिस जांच में अभी तक मृतक अन्नू गुर्जर का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। वह जयपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था और अपने रिश्तेदार की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने आया था।
पुलिस ने भरतपुर ओपन जेल प्रशासन से जानकारी मांगी है कि दोनों सजायाफ्ता बंदी जयपुर कैसे पहुंचे। ओपन जेल के नियमों के अनुसार कैदियों को निर्धारित समय पर जेल परिसर में रहना अनिवार्य होता है। ऐसे में देर रात जयपुर के क्लब में उनकी मौजूदगी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों बंदी जेल से बाहर कैसे निकले, जयपुर आने के दौरान किन-किन लोगों के संपर्क में रहे और इस पूरे घटनाक्रम में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
डीसीपी राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में युवती को थप्पड़ मारने की घटना के बाद विवाद शुरू होने की बात सामने आई है। हिरासत में लिए गए आरोपिताें से पूछताछ जारी है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

