सहेली से मिलने गई किशोरी के साथ दुष्कर्म
आरोपी की बहन पीड़िता की थी सहेली, घर में अकेला पाकर वारदात को दिया अंजाम
बांदा, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना विसण्डा क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। सहेली से मिलने उसके घर गई किशोरी को अकेला पाकर उसके भाई ने बालिका के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ने और रक्तस्राव बंद न होने पर उसने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद मां ने थाने पहुंचकर आरोपित के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक कोर्रही गांव निवासी 22 वर्षीय अमित पुत्र राजकुमार की बहन और पीड़िता आपस में सहेलियां हैं। इसी वजह से किशोरी का उसके घर आना-जाना था। शनिवार को भी वह अपनी सहेली से मिलने आरोपित के घर गई थी। आरोप है कि उस समय घर में अकेला पाकर अमित ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता के शरीर से रक्तस्राव होने लगा। काफी देर तक रक्तस्राव बंद नहीं हुआ तो किशोरी घबरा गई और उसने घर पहुंचकर परिजन को पूरी जानकारी दी।
बेटी की आपबीती सुनने के बाद मां ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा है। इसके बाद पुलिस ने अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। क्षेत्राधिकारी बबेरु कृष्णकांत त्रिपाठी ने रविवार काे बताया कि युवती की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को जेल भेजा गया है। वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

