home page

सोने के कड़े के लालच में दोस्त ने की दोस्त की हत्या, गिरफ्तार

 | 
सोने के कड़े के लालच में दोस्त ने की दोस्त की हत्या, गिरफ्तार


नोएडा, 15 जून (हि.स.)। थाना कासना क्षेत्र में तीन दिन पूर्व मिले एसी मैकेनिक के जले हुए शव की गुत्थी को पुलिस ने आज सुलझाते हुए उसके ही दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान शहजाद उर्फ बिट्टू (19) निवासी गांव दौला राजपुर के रूप में हुई है। आरोपित ने सोने के कड़े हड़पने की नीयत से अपने मित्र की बेरहमी से हत्या कर दी और बाद में शव को जलाकर उसकी पहचान मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त खून से सना डंडा, तीन पीली धातु के कड़े और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने साेमवार काे बताया कि 12 जून को गांव चीरसी की नहर के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव आंशिक रूप से जला हुआ था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। बाद में मृतक की पहचान दनकौर थाना क्षेत्र के दौला राजपुर निवासी 23 वर्षीय हुजैफ पुत्र मुज्जमिल के रूप में हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मामले के खुलासे के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया था। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए और मृतक के संपर्कों की पड़ताल की गई। इसी क्रम में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर सोमवार को शहजाद उर्फ बिट्टू निवासी दौला राजपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपित ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली। पुलिस के मुताबिक मृतक हुजैफ और आरोपित शहजाद आपस में घनिष्ठ मित्र थे और दोनों नशा करने के आदी थे। हुजैफ नया मोबाइल फोन खरीदना चाहता था और एयर कंडीशनर का काम शुरू करने के लिए पैसों की जरूरत थी। परिवार वालों द्वारा पैसे नहीं दिए जाने पर उसने कथित तौर पर अपनी मां की चार पीली धातु के कड़े चोरी कर लिए थे। उसने इन कड़ों को बेचने की बात अपने दोस्तों और शहजाद को भी बताई थी।

इस जानकारी के बाद आरोपित की नीयत कड़ों को लेकर खराब हो गई। 12 जून को उसने हुजैफ को कड़े बिकवाने का झांसा दिया और अपनी बाइक पर बैठाकर साथ ले गया। रास्ते में दोनों ने नशा किया। इसके बाद आरोपित उसे सुनसान स्थान की तलाश करते हुए चंद्रावल गांव के पास नहर किनारे ले गया। वहां पहुंचने के बाद शहजाद ने मौका देखकर डंडे से हुजैफ के सिर पर हमला कर दिया। पहले वार से वह जमीन पर गिर पड़ा। जिसके बाद आरोपित ने उसके ऊपर कई बार डंडे से प्रहार किए। गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपित कड़े लेकर वहां से भाग निकला।

उन्होंने बताया कि कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद आरोपित को आशंका हुई कि कहीं हुजैफ जीवित न हो। इस डर से वह दोबारा घटनास्थल पर लौटा। वहां उसने शव की पहचान मिटाने के उद्देश्य से अपनी बाइक से पेट्रोल निकाला और शव पर छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटें तेज होने पर उसे डर लगा कि आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच सकते हैं। इस कारण वह शव को नहर में फेंकने की योजना पूरी किए बिना ही वहां से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना डंडा, तीन पीली धातु के कड़े और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी