यूपी और केरल में धोखाधड़ी कर चुका बदमाश अजमेर में गिरफ्तार
अजमेर, 7 मई (हि.स.)। अजमेर की कृष्णगंज थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी रमजान उर्फ कालू को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर अजमेर सहित कोटा और भीलवाड़ा में धोखाधड़ी, नशे की तस्करी और ऑनलाइन ठगी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और केरल में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज बताए जा रहे हैं। साइबर पोर्टल पर आरोपी के खिलाफ करीब 32 शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि आरोपी रमजान उर्फ कालू अजमेर के सोमलपुर रोड स्थित मस्जिद के पास फकीराखेड़ा किशनपुरा क्षेत्र का निवासी है। उसके खिलाफ अजमेर के सिविल लाइंस, क्लॉक टॉवर, अलवर गेट और आदर्श नगर थानों के अलावा कोटा ग्रामीण क्षेत्र में भी मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी किया गया था।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया और 15 से अधिक संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। आखिरकार कृष्णगंज थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रांसपोर्ट व्यवसाय की आड़ में अवैध गतिविधियों में लिप्त था। उसके खिलाफ नशे की तस्करी, लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन खातों में पैसे मंगवाकर वापस नहीं लौटाने तथा जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

