home page

विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार

 | 
विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार


नोएडा, 08 अप्रैल (हि.स.)। थाना बिसरख पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस ने 50 फर्जी वर्क परमिट, एंट्री पास, मालदीव की एक कंपनी का फर्जी एग्रीमेंट लेटर, कांटेक्ट लेटर ,फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, चेक बुक और तीन मोबाइल फोन बरामद किया है।

थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि एक सूचना के आधार पर बुधवार को थाना पुलिस ने इसहाक यूनुस पुत्र यूनुस उस्मान निवासी जनपद रामपुर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि यह बेरोजगार युवकों को विदेश भेजने के नाम पर उनसे लाखों रुपये की ठगी कर चुका है। इसकी गिरफ्तारी चार मूर्ति चौराहे के पास से हुई है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि यह कूटरचित वर्क परमिट, एंट्री पास, एग्रीमेंट लेटर, कांटेक्ट लेटर भेजकर युवकों को अपने जाल में फंसाता था। उन्हें विदेश भेजने के नाम पर उनसे डेढ़ से 02 लाख रुपये लेता था। इस बदमाश ने दर्जनों युवकों से लाखों रुपये की ठगी करने की बात स्वीकार की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी