ठेके दिलाने के नाम पर 26.45 लाख रुपये की ठगी करने वाला युवक लखनऊ से गिरफ्तार, भेजा गया जेल
-8 माह बाद झांसी पुलिस ने किया गिरफ्तार
झांसी, 05 जून (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश के सरकारी विभागों में ठेका दिलाने का झांसा देकर झांसी के युवक से 26.45 लाख रुपये की ठगी करने वाले जनपद सीतापुर निवासीे युवक को कोतवाली पुलिस ने 8 माह बाद गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। झांसी पुलिस ने आराेपित युवक काे गुरुवार काे लखनऊ से गिरफ्तार किया था।
झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के निवासी जयकरन पुत्र जमुना सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2022 में उसकी मुलाकात सीतापुर के गांव कन्हरिया कथूरा निवासी विवेक कुमार सिंह पुत्र विनोद कुमार सिंह से हुई थी। विवेक ने उसे झांसा दिया कि प्रदेश में सरकारी विभागों में उसकी अच्छी पहचान है और वह विभागों में आपूर्ति होने वाली सामग्री और आउटसोर्सिंग से संबंधित कार्यों के ठेके किसी को भी आसानी से दिला सकता है।
विवेक के झांसे में आकर जयकरन ने माता व पिता के खाते से विभिन्न तिथियों में 26,45,000 रुपया विवेक के बैंक खाते में दिया लेकिन विवेक ने किसी भी विभाग में ठेका नहीं दिलाया और न ही रुपया वापस किया। परेशान होकर जयकरन ने 11 अक्तूबर 2025 को फोन कर विवेक से काम दिलाने या फिर रुपया वापस करने को कहा। यह सुनकर विवेक ने गालियां देनी शुरू कर दी। धमकाया कि दोबारा रुपये की मांग की तो उसे व उसके परिवार को जान से मरवा देगा। जयकरन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। मामले की विवेचना करते हुए कोतवाली थाना के विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक रोहित कुमार ने उसे गुरुवार काे लखनऊ से गिरफ्तार कर आज सीजेएम कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जिला कारागार झांसी भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

