home page

एमटीएस में नौकरी दिलाने के नाम पर नालंदा में करोड़ों की ठगी, शातिर गिरफ्तार

 | 
एमटीएस में नौकरी दिलाने के नाम पर नालंदा में करोड़ों की ठगी, शातिर गिरफ्तार


नालंदा, बिहारशरीफ 10 जुलाई (हि.स.)।मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोपित को तेल्हाड़ा थाना पुलिस ने आज गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर कई लोगों से बड़ी रकम वसूली थी। मामले का खुलासा होने के बाद पीड़ितों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे दबोच लिया है। तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एकंगरसराय निवासी अमित कुमार है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने विभाग से जुड़े कुछ बिचौलियों की मदद से शुरुआत में गांव के कुछ लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम पर लगवा दिया था। इससे लोगों का उस पर विश्वास बढ़ गया। उसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने अन्य लोगों से भी नौकरी दिलाने के नाम पर मोटी रकम वसूल कर रहा था।काम पर लगाए गए लोगों ने करीब तीन महीने तक कार्य किया, लेकिन उन्हें वेतन नहीं मिला। इसके बाद उन्हें संदेह हुआ और पूरे मामले की जानकारी सामने आने लगी। जब पीड़ितों ने संबंधित कार्यालयों से जानकारी ली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ।

इसके बाद ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से तेल्हाड़ा थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उससे ठगी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ अन्य थाना क्षेत्रों में भी नौकरी के नाम पर ठगी करने के मामले दर्ज हैं। सभी मामलों का सत्यापन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे