साइबर ठगी का खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार
गोरखपुर, 12 जुलाई (हि.स.)।रामगढ़ताल थाना क्षेत्र की पुलिस व साइबर टीम ने रविवार को साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से अपराध में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को वादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे अच्छी नौकरी और आर्थिक सहायता दिलाने का झांसा देकर उसके नाम पर कई सिम कार्ड और विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए गए। बाद में इन खातों की इंटरनेट बैंकिंग, यूजर आईडी, पासवर्ड और चेकबुक अपने कब्जे में लेकर आरोपितों ने साइबर ठगी को अंजाम दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
जांच में सामने आया कि इन बैंक खातों का एक्सेस एक ऑनलाइन ग्रुप को दिया जाता था, जहां देश के अलग-अलग स्थानों से ठगी की रकम जमा कराई जाती थी। इसके बाद धनराशि को फोनपे, एटीएम समेत अन्य माध्यमों से निकालकर उसका उपयोग किया जाता था, जिसमें कुछ रकम डिजिटल करेंसी (यूएसडीटी) खरीदने में भी लगाई जाती थी।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि इस गिरोह ने करीब 10 से 12 बैंक खातों के माध्यम से लगभग 8 करोड़ 37 लाख रुपये की साइबर ठगी की है। गिरफ्तार अभियुक्त शिवम साहनी निवासी झड़वा, थाना रामगढ़ताल का रहने वाला है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी साइबर ठगी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

