home page

फर्जी एमबीबीएस डिग्री और पोस्ट आफिस में नौकरी लगाने के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी, एक युवती गिरफ्तार

 | 
फर्जी एमबीबीएस डिग्री और पोस्ट आफिस में नौकरी लगाने के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी, एक युवती गिरफ्तार


रायपुर, 25 मार्च (हि.स.)। एमबीबीएस–बीएएमएस की फर्जी डिग्री बांटने और पोस्ट ऑफिस में विभिन्न पदों पर नौकरी लगवाने का झांसा दे फर्जी नियुक्ति पत्र थमाने वाले गिरोह की महिला सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरोह के द्वारा 2 करोड़ 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और लिंकेजेस के आधार पर आरोपिया साक्षी सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना में 17 फरवरी को पीड़ित सजय निराला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि, भुवनेश्वर बंजारे, नरेश मनहर, हीरा दिवाकर, राकेश रात्रे और अन्य व्यक्तियों के द्वारा पीड़ित एवं उसके रिश्तेदारों को पोस्ट ऑफिस के विभिन्न पदों में नौकरी दिलवाने का झांसा दे ठगी कर ली गई है। पुलिस ने जब अपनी जांच शुरू की तो पता चला कि, आरोपित एमबीबीएस-बीएएमएस की फर्जी डिग्री भी बना कर बांटते थे और मोटी रकम वसूल करते थे।

पुलिस ने मामले में जांच शुरू की तो पता चला कि, पोस्ट ऑफिस के विभिन्न पदों में नौकरी लगाने और फर्जी सर्टिफिकेट बना कर देने का झांसा देकर कुल 2 करोड़ 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया है।मामले में सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूर्व में मामले में भुवनेश्वर बंजारे, नरेश मनहर, हीरा दिवाकर राकेश रात्रे को गिरफ्तार किया गया था। प्रकरण में आरोपितों से पूछताछ और लिंकेजेस के आधार पर टेक्निकल जांच के बाद प्रकरण में संलिप्त आरोपिया साक्षी सिंह को दिल्ली से पकड़कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में साक्षी सिंह ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर डी वाई पाटील विद्यापीठ यूनिवर्सिटी पुणे का फर्जी एमबीबीएस एवं बीएएमएस की डिग्री तैयार कर पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों को देना स्वीकार किया। उसके कब्जे से तीन नग मोबाइल फोन जब्त किया गया है। आरोपितों के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 96/2026 धारा 318(4), 335, 336(2), 338(3), 340(1), 340(2), 3(5), 111 बी.एन.एस. के तहत कार्यवाही की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर