home page

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 72 लाख की साइबर ठगी

 | 
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 72 लाख की साइबर ठगी


चित्तौड़गढ़, 25 जून (हि.स.)। शेयर ट्रेडिंग और आईपीओ में 5 से 20 प्रतिशत तक मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने राशमी निवासी गोपाल लाल शर्मा से 71 लाख 97 हजार 900 रुपए ठग लिए। आईआईएफएल कंपनी का सेक्रेटरी बताकर ठगों ने फर्जी ऐप और वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना चित्तौड़गढ़ में आईटी एक्ट व बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

साइबर पुलिस के अनुसार प्रार्थी गोपाल लाल शर्मा निवासी वार्ड 8, कांटियो की गली, पहुंना ने रिपोर्ट में बताया कि मार्च 2026 में यूट्यूब पर आईआईएफएल कैपिटल सर्विस लिमिटेड के नाम से शेयर ट्रेडिंग/न्यू आईपीओ का एड दिखा। क्लिक करने पर वॉट्सऐप नंबर पर खुला। खुद को कंपनी का सेक्रेटरी बताने वाली टीना मल्होत्रा ने बात की और IIFL VIP ऐप के जरिए निवेश पर 5 से 20% मुनाफे का झांसा दिया।

*फर्जी रजिस्ट्रेशन फॉर्म और वॉट्सऐप ग्रुप*

26 मार्च को DMA मार्केट ट्रेडिंग अकाउंट रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरवाया गया। 2 अप्रैल को ग्रुप जॉइन करने का लिंक भेजा गया। ग्रुप में पैसे भेजने के स्क्रीनशॉट, ट्रेडिंग टिप्स और फर्जी लिंक शेयर किए जाते थे। लिंक से गूगल प्ले स्टोर जैसा दिखने वाला फर्जी IIFL VIP ऐप डाउनलोड करवाया गया।

ठगों के कहने पर गोपाल लाल ने 2 अप्रैल से 3 जून 2026 तक खुद के SBI, बैंक ऑफ बड़ौदा, IDFC, ICICI, कोटक महिन्द्रा, फेडरल बैंक और पत्नी चन्द्रकला व पिता देवीलाल के खातों से कुल 71,97,900.55 रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए। ऐप में मूल राशि 71.97 लाख और प्रॉफिट 26.31 लाख दिखाया गया।

जब गोपाल ने राशि विड्रॉ की रिक्वेस्ट डाली तो पैसा नहीं आया। कुछ समय बाद ऐप खोलने पर Suspect Phishing Warning आने लगा और बैलेंस 0 दिखने लगा। टीना मल्होत्रा और ग्रुप एडमिन के नंबर बंद हो गए। IIFL कंपनी से संपर्क करने पर पता चला कि उस नाम का कोई कर्मचारी नहीं है। तब ठगी का अहसास हुआ।

साइबर पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत

पीड़ित ने साइबर पुलिस पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। 24 जून को साइबर थाना चित्तौड़गढ़ में रिपोर्ट दी। पुलिस ने धारा 66D आईटी एक्ट 2000 व धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। जांच इंचार्ज मधु कंवर पुलिस निरीक्षक स्वयं कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल