बैक डेट पट्टों से ठगी करने वाले समिति अध्यक्ष सहित दो गिरफ्तार
जयपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी में भू माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिंदायका थाना पुलिस ने प्लॉट बेचने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ‘फकीरों की डूंगरी गृह निर्माण सहकारी समिति’ के अध्यक्ष सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से फर्जीवाड़े के अहम सुराग जुटाए हैं।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में विशम्भर दयाल शर्मा (69) निवासी लालकोठी और अरुण शर्मा (43) निवासी लालकोठी शामिल हैं। दोनों मिलकर भोले-भाले लोगों को सस्ते प्लॉट का झांसा देकर फर्जी पट्टे जारी करते और मोटी रकम वसूल कर फरार हो जाते थे।
थानाधिकारी विनोद कुमार के अनुसार, मामले का खुलासा परिवादी भरत सिंह की शिकायत पर हुआ। उन्होंने ‘रिद्धि सिद्धि एन्क्लेव’ योजना में 16.56 लाख रुपये में एक प्लॉट खरीदा था, जिसके विधिवत दस्तावेज भी तैयार किए गए थे। बाद में जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मिलीभगत कर उसी प्लॉट का फर्जी पट्टा पिछली तारीख (बैकडेट) में किसी अन्य महिला के नाम जारी कर दिया।
जांच में यह भी उजागर हुआ कि गिरोह एक ही प्लॉट के कई फर्जी दस्तावेज तैयार कर अलग-अलग लोगों से ठगी करता था। पुलिस ने तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित पहले से ही जयपुर ग्रामीण के मोखमपुरा थाने में दर्ज एक अन्य फर्जी पट्टा मामले में गिरफ्तार होकर उप कारागृह सांभर में बंद थे। बिंदायका पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट के जरिए उन्हें जमानत पर रिहा होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपितों के खिलाफ जयपुर शहर के विभिन्न थानों के साथ-साथ जयपुर ग्रामीण के मोखमपुरा और मोजमाबाद थानों में भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

