home page

राजगढ़ः अंधविश्वास का फायदा उठाकर बदमाश ले उड़े मंगलसूत्र, झांसे में आई महिला से ठगी

 | 
राजगढ़ः अंधविश्वास का फायदा उठाकर बदमाश ले उड़े मंगलसूत्र, झांसे में आई महिला से ठगी


राजगढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर थाना क्षेत्र के ग्राम पीलूखेड़ी में अंधविश्वास का फायदा उठाकर दो शातिर बदमाश एक महिला को झांसे में लेकर उसका मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए, जिसकी कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पीलूखेड़ी निवासी 55 वर्षीय नर्मदाबाई पत्नी गोविंदसिंह राजपूत ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी गर्भवती बेटी मायके आई हुई थी। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचे। इनमें एक किन्नर की वेशभूषा में हरे रंग की कुर्ती-सलवार पहने था, जबकि दूसरा करीब 35 वर्षीय युवक पैंट-शर्ट में था। दोनों ने पहले पानी मांगा। पानी पीने के बाद उन्होंने महिला से कहा कि उनके पति शराब पीना छोड़ देंगे और बेटी से कहा कि उसके घर पुत्र का जन्म होगा। इसके बाद आरोपितों ने कहा कि मंगलसूत्र लोटे में डाल दो, वे उसकी नजर उतार देंगे। महिला ने उनकी बातों पर भरोसा कर अपना मंगलसूत्र लोटे में डाल दिया। इसके बाद दोनों ने कहा कि घर के अंदर चले जाओ और पीछे मुड़कर मत देखना। जब कुछ देर बाद महिला बाहर आई तो दोनों आरोपित मंगलसूत्र लेकर मौके से फरार हो चुके थे।

पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे झांसे और अंधविश्वास फैलाने वाले लोगों से सतर्क रहें और किसी भी अजनबी की बातों में आकर अपने कीमती सामान उन्हें न सौंपें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक