राजगढ़ः इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद एयरपोर्ट का झांसा,आशा कार्यकर्ता से 59 हजार की ऑनलाइन ठगी
राजगढ़, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम मोई में रहने वाली 45 वर्षीय आशा कार्यकर्ता को सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्ति से दोस्ती करना भारी पड़ गया। साइबर ठग ने पहले इंस्टाग्राम पर महिला से दोस्ती की, फिर व्हाट्सएप पर बातचीत कर उसे बहन बनाया। इसके बाद विदेश से डॉलर लेकर आने और एयरपोर्ट पर पकड़े जाने की झूठी कहानी सुनाकर अलग-अलग किश्तों में 59 हजार रुपये ठग लिए।
ठगी का अहसास होने पर महिला ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। पुलिस मंगलवार को अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मोई निवासी आषा कार्यकर्ता ने बताया कि करीब आठ दिन पहले इंस्टाग्राम पर एक अज्ञात व्यक्ति से बातचीत शुरू हुई थी। आरोपित ने 4 अगस्त को विदेशी नंबर से फोन कर दोस्ती की। महिला के मना करने पर उसने उन्हें बहन बना लिया और व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू कर दी। इस दौरान आरोपित ने महिला से आभूषण, मोबाइल और कपड़ों के फोटो भी मंगवाए। 10 अगस्त को शुरू हुआ ठगी का खेल आरोपित ने फोन कर कहा कि वह विदेश से डॉलर लेकर आ रहा है और एयरपोर्ट पर परेशानी में फंस गया है। कुछ रुपए भेजने पर वह डॉलर देने की बात कहने लगा। इसके बाद दूसरे व्यक्ति ने खुद को एयरपोर्ट अधिकारी बताकर फोन किया और महिला को डराया कि उसका भाई अधिक पैसे व सामान लेकर आने के कारण पकड़ा गया है। झांसे में आई महिला ने क्यूआर कोड के जरिए 10 अगस्त को 19 हजार रुपए भेज दिए। अगले दिन 30 हजार रुपए और फिर 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए गए। लगातार रुपए मांगने पर महिला ने दुकानदार को पूरी बात बताई। दुकानदार ने ठगी की जानकारी दी। इसके बाद महिला ने 1930 पर शिकायत की। पुलिस अब आरोपित की पहचान और लेनदेन की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

