सऊदी अरब की करेंसी देने का झांसा देकर व्यापारी से 2.80 लाख की ठगी, बैग में निकली कागज की गड्डियां
राजगढ़, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में सऊदी अरब की करेंसी देने का झांसा देकर कपड़ा व्यापारी से 2 लाख 80 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपितों ने पहले व्यापारी का विश्वास जीतने के लिए उसे दुबई का नोट दिखाया और उसकी कीमत भी दिलवाई। भरोसा कायम होने के बाद आरोपितों ने बड़ी रकम लेकर सऊदी अरब की करेंसी देने की बात कही और रुपये लेने के बाद व्यापारी को बैग में कागज की गड्डियां थमाकर फरार हो गए। पुलिस ने शनिवार को अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नरसिंहगढ़ निवासी जकी अहमद (29) पुत्र मुस्ताक हुसैन की कपड़े की दुकान है। जकी ने ब्यावरा शहर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि 18 अगस्त को सलीम नाम का एक व्यक्ति ग्राहक बनकर उसकी दुकान पर आया था। उसने टी-शर्ट खरीदने के बाद दुबई की करेंसी का एक नोट दिखाया और उसकी कीमत के बारे में जानकारी मांगी।
इसके बाद वह नोट भोपाल के पीरगेट स्थित एक दुकान पर ले जाया गया, जहां उसके बदले 2,600 रुपये मिले। इनमें से 2,200 रुपये सलीम को वापस कर दिए गए। इस घटना से जकी को सलीम पर भरोसा हो गया।
इसके बाद 20 अगस्त को सलीम ने जकी को पचोर बुलाया। वहां एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। दोनों ने व्यापारी को एक बैग दिखाया और उसमें विदेशी मुद्रा होने की बात कही। इसके बाद सऊदी अरब की करेंसी देने के बदले जकी से 2.80 लाख रुपये की व्यवस्था करने को कहा गया।
27 अगस्त को सलीम ने मोबाइल फोन के माध्यम से जकी को ब्यावरा बस स्टैंड बुलाया। जकी वहां 2.80 लाख रुपये नकद लेकर पहुंचा और आरोपित को रकम दे दी। बदले में सलीम ने उसे एक बैग दिया और दावा किया कि उसमें सऊदी अरब के नोट रखे हैं।
आरोपित के वहां से जाने के कुछ देर बाद जब जकी ने बैग खोलकर देखा तो उसके होश उड़ गए। बैग में विदेशी करेंसी के बजाय कागज की गड्डियां रखी हुई थीं। व्यापारी ने आसपास आरोपितों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
शिकायत के आधार पर ब्यावरा शहर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों की पहचान और तलाश के लिए मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

