राजगढ़ः मोबाइल हैक कर महिला के खाते से निकाले 3.48 लाख रुपए, 9 ट्रांजेक्शन में की ठगी
राजगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक महिला के बैंक खाते से 3 लाख 48 हजार 859 रुपये निकाल लिए। पीड़ित का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन हैक कर खाते में सेंध लगाई और 9 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी। पुलिस ने गुरुवार को फरियादी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार जूना ब्यावरा निवासी ओमप्रकाश शिवहरे ने शिकायत में बताया कि उनका मोबाइल पत्नी के बैंक खाते से जुड़े लेनदेन के लिए उपयोग होता है। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल हैक कर खाते से रुपये निकाल लिए। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि 29 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच अलग-अलग यूपीआई आईडी के माध्यम से 9 बार में कुल 3,48,859 रुपए ट्रांसफर किए गए। अलग-अलग यूपीआई आईडी पर भेजी रकम बैंक स्टेटमेंट में अलग -अलग यूपीआई आईडी और खातों का उल्लेख है। इनमें कृष्णा फूड कैफे और सिद्धेश्वर फोटोग्राफी एंड गियर सहित अन्य आईडी पर भी ट्रांजेक्शन दर्ज हैं। सबसे कम 7,400 रुपए और सबसे अधिक 54,338 रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ। पीड़ित ने ठगी की राशि वापस दिलाने और आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है।
जिले में एक सप्ताह के भीतर छह से अधिक लोगों से साइबर ठगी की शिकायतें सामने आई हैं। शुरुआती मामलों में करीब 5.30 लाख रुपए की ठगी हुई थी। अब जूना ब्यावरा के इस मामले को मिलाकर ठगी की राशि 8 लाख रुपए से अधिक हो गई है।
थाना प्रभारी शिवराजसिंह चौहान ने बताया कि फरियादी ने पत्नी के बैंक खाते से 3.48 लाख रुपये की ठगी की शिकायत की है। बैंक स्टेटमेंट और ट्रांजेक्शन के आधार पर जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

