home page

राजगढ़ः दस करोड़ का लोन दिलाने के नाम पर पेट्रोल पंप कारोबारी से 65 लाख की ठगी

 | 
राजगढ़ः दस करोड़ का लोन दिलाने के नाम पर पेट्रोल पंप कारोबारी से 65 लाख की ठगी


राजगढ़, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर के एक पेट्रोल पंप एवं अनाज कारोबारी से 10 करोड़ रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर 65 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है।

आरोप है कि दो लोगों ने खुद को वित्तीय संस्थाओं से जुड़ा बताकर कारोबारी का विश्वास जीता और प्रोसेसिंग फीस, मॉर्गेज, डायवर्शन, स्लॉट बुकिंग तथा अन्य औपचारिकताओं के नाम पर किश्तों में लाखों रुपये वसूल लिए। इतना ही नहीं, सुरक्षा के नाम पर हस्ताक्षरित खाली चेक, कोरे कागज और महत्वपूर्ण कारोबारी दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए। लोन नहीं मिलने और रकम वापस नहीं होने पर पीड़ित ने सिटी थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गुरुवार को दो आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी शिवराजसिंह चौहान के अनुसार, फरियादी गोविंद गुप्ता ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में व्यापार विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये के ऋण की आवश्यकता थी। इसी दौरान आरोपितों ने कम समय में लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया। नवंबर 2023 में उन्होंने कारोबारी से संपर्क कर ऑडिट रिपोर्ट, आयकर रिटर्न, बैंक स्टेटमेंट, आधार, पैन कार्ड और फर्म से जुड़े अन्य दस्तावेज प्राप्त किए तथा दावा किया कि ऋण आसानी से स्वीकृत हो जाएगा।

शिकायत के अनुसार आरोपितों ने भोपाल स्थित कार्यालय बुलाकर पहले दो प्रतिशत प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 20 लाख रुपये नकद लिए। इसके बाद आरटीजीएस और नकद के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में मॉर्गेज, डायवर्शन, स्लॉट बुकिंग और अन्य खर्चों का हवाला देकर कुल 65 लाख रुपये वसूल लिए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने सुरक्षा के नाम पर विभिन्न फर्मों के हस्ताक्षरित खाली चेक अपने पास रख लिए। बाद में करीब 20 पन्नों का एग्रीमेंट भेजकर 2-3 कोरे कागजों पर भी हस्ताक्षर करा लिए। जब उसने इसका कारण पूछा तो कहा गया कि बाद में इन पर आवश्यक दस्तावेज और लोकेशन फोटो संलग्न किए जाएंगे। ठगी का एहसास होने पर कारोबारी ने पुलिस की शरण ली और ऑडियो रिकॉर्डिंग, बैंक चेक, संस्था के दस्तावेज, लेटरहेड सहित अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए। पुलिस का कहना है कि मामले में धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक