राजगढ़ः ई-चालान का मैसेज चेक करते ही खाते से कटे 58 हजार 990 रुपए,केस दर्ज
राजगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र से ऑनलाइन काम करने वाले 28 वर्षीय युवक के साथ ई-चालान के नाम पर 58 हजार 990 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। युवक के मोबाइल पर पिछले 15 दिनों से ई-चालान के संबंध में मैसेज आ रहे थे। बीते दिनों उसने इन मैसेज को चेक किया, जिसके कुछ समय बाद ही उसके बैंक खाते से दो बार में रकम निकलने के मैसेज आ गए।
पुलिस ने गुरुवार को पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार विनायक नगर निवासी लक्ष्मीनारायण (28) पुत्र धूलजी लववंशी ऑनलाइन से संबंधित काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से उसके मोबाइल पर ई-चालान के संबंध में लगातार मैसेज आ रहे थे। बीते रोज उसने मोबाइल पर आए मैसेज चेक किए। इसके बाद उसके एचडीएफसी बैंक खाते से पहली बार 29 हजार 990 रुपये कटने का मैसेज आया। कुछ ही समय बाद खाते से 29 हजार रुपए और निकलने की सूचना मिली। इस तरह उसके बैंक खाते से कुल 58 हजार 990 रुपए निकल गए।
खाते से रकम कटने की जानकारी मिलते ही युवक ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठगी के तरीके तथा रकम के लेनदेन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

